Top News

करहाँ व लग्गूपुर बाजार का जनेऊ बना जलजमाव व कीचड़

करहाँ व लग्गूपुर बाजार का जनेऊ बना जलजमाव व कीचड़

करहाँ (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के करहाँ से जहानागंज मार्ग पर स्थित लग्गूपुर व करहाँ बाजार के जोगियाने मुहल्ले की किस्मत से जलजमाव व कीचड़युक्त सड़क की समस्या का समाधान वर्षो से नहीं हुआ। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लग रहा है हमारी किस्मत में जलजमाव से मुक्ति मिलना नसीब नहीं है। यह हमारे लिए जनेऊ के समान हो गया है। बाजारवासियों, राहगीरों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने इस समस्या से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।

बता दें कि दो दशकों से खराब इस मार्ग का कायापलट एफडीआर तकनीकि से पूरे धूमधाम से किया गया, लेकिन लग्गूपुर व करहाँ बाजार के जोगियाने मुहल्ले में आरसीसी द्वारा निर्माण कार्य कराया जाना अभी बाकी ही था कि पुनः बरसात का मौसम आ गया। अधूरे पड़े काम की वजह से अब पुनः बरसात के बाद करहां व लग्गूपुर बाजार में जलजमाव व कीचड़ से समस्या उत्पन्न होने लगी। इन दोनों स्थानों से गुजरना जान जोखिम में डालने के बराबर है। इन दोनों बाजारों में कई अस्पताल, मंदिर, बैंक, स्कूल, कालेज, जनसेवा केंद्र, पोस्ट आफिस व दर्जनों व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं। यहां रोज सैकडों की संख्या में स्त्री-पुरुष, बालक-वृद्ध, छात्र-छात्राएं, मजदूर-व्यापारी, नौकरीपेशा, वादकारियों आदि लोंगों का आना-जाना अपरिहार्य है। इस प्रकार उक्त स्थानों से गुजरना जानलेवा साबित हो सकता है।

क्षेत्रीय नागरिक विंध्याचल पांडेय, भुपेंद्रवीर सिंह, विष्णुकांत श्रीवास्तव, बसंत कुमार सिंह, श्यामविहारी जायसवाल, सुनील कुमार, गीता देवी, धीरेंद्र प्रताप, देवंती देवी, प्रमोद यादव, मनीष सिंह, अभिषेक पांडेय, रोहित वर्मा, सोनू सिंह, देवेंद्र सिंह आदि ने संबंधित विभाग व अधिकारियों से उक्त बाजारों से जलनिकासी व आरसीसी निर्माण शीघ्र कराने की अपील की है। कहा कि अन्यथा हम लोगों को मजबूरी में बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।



Post a Comment

Previous Post Next Post