आये दिन जाम के झाम से परेशान करहाँवासी, हो स्थायी समाधान
करहाँ (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना चिरैयाकोट मार्ग पर स्थित लगभग दो किमी लंबी करहाँ बाजार आजकल आये दिन जाम के झाम से ग्रसित है। बेहद घनी आबादी के गाँवों से सटी इस बाजार में गुरादरी गेट से लेकर बैंक क्षेत्र तक प्रायः जाम के झाम से बाजारवासी व राहगीर परेशान हैं। लोंगो ने इसके स्थायी समाधान की गुहार लगाई है।
बता दें कि दर्जनों गाँवों के लोंगो का रोज आना-जाना इस बाजार में लगा रहता है। रेड़ी-पटरी के दुकानदारों के अतिक्रमण, ठेला-टैम्पो जहां तहां खड़ा करने एवं पार्किंग के अभाव में ख़रीददारी के लिए आने वाले लोंगो की गाड़ियों के बेतरतीब खड़े होने से प्रायः जाम की स्थित उत्पन्न हो रही है।
मजे की बात यह है कि जहानागंज मोड़ जहां जाम की समस्या सबसे अधिक देखी जाती है, उसी स्थान पर पुलिस सहायता केंद्र स्थित है; लेकिन प्रायः पुलिस बल भी मूक दर्शक बन जाम को देखते रहते है। वहीं प्रायः शाम को भीड़ भरी बाजार में गाड़ियों की चेकिंग और चालान काटने में मशगूल हो जाते हैं। विष्णुकांत श्रीवास्तव, विक्की वर्मा विजय कुमार सिंह गब्बर, अजय यादव, राहुल मद्धेशिया, टिंकू खां, भूपेंद्र पांडेय, मिज्जू खां, अनुराग सिंह, आदि ने शासन व प्रशासन से जाम व पुलिसिया उत्पीड़न से निजात दिलाने की अपील की है।


Post a Comment