गोल्डमेडलिस्ट शिक्षक रामनिवास मौर्य से मिले बीएसए, दी शुभकामनाएं
करहां, मऊ। शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के सौसरवां प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक, राष्ट्रपति व राज्य योग पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं हाल ही में स्टेट योगासन प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर नेशनल के लिए चयनित शिक्षक रामनिवास मौर्य से गुरुवार को बीएसए संतोष उपाध्याय ने मुलाकात की। उन्होंने प्राप्त मेडल व प्रमाणपत्र से गोल्डमेडलिस्ट शिक्षक का अभिनंदन किया एवं नेशनल प्रतियोगिता हेतु अग्रिम शुभकामनाएं प्रदान कीं। मुलाकात के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने पाँचवीं योगासन स्पोर्टस चैम्पियनशिप 2024 के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
बता दें कि स्वर्ण पदक विजेता रामनिवास मौर्य ने बेसिक शिक्षा परिषद के तरफ से भाग लेते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस को पराजित कर अपनी जीत दर्ज करते हुए कर्नाटक में होने वाली नेशनल चैम्पियनशिप में भाग लेने का मार्ग प्रशस्त किया है। इस दौरान बीएसए संतोष उपाध्याय ने कहा कि स्वर्ण पदक जीतना इनके कठिन परिश्रम का फल है। रामनिवास मौर्य ने अपनी सफलता के पीछे सबकी शुभकामनाओं, निरंतर अभ्यास व छात्रों के लिए कुछ निरंतर नया करते रहने की उत्कंठा का प्रतिफल बताया है। उन्होंने समस्त जनपदवासियों सहित तमाम शिक्षकों की शुभकामनाओं व स्वागत सम्मान प्रदान करने के लिए आत्मिक धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जिला व्यायाम शिक्षक सहेन्द्र सिंह, खेल बाबू प्रवीण कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।


Post a Comment