स्वच्छता पखवाड़े में मनाया गया हाथ धुलाई दिवस
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय नगरीपार में स्वच्छता पखवाड़ा दिवस के अंतर्गत सोमवार को हाथ धुलाई दिवस मनाया गया। इसमें बच्चों को हाथ धोने के महत्व, सही तरीके एवं उसके फायदों के बारे में जागरूक किया गया।
उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत पहले बच्चों को प्रधानाध्यापक स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव ने हाथ धोने के सही तरीकों के बारे में प्रशिक्षित किया। इसके बाद अध्यापकों की निगरानी में उन्हें इस विषय को प्रयोगात्मक रूप से करने का समय दिया गया।
इस दौरान स्वतंत्र कुमार श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को बताया कि आज का दिन साबुन और पानी से हाथ धोने के महत्व को बढ़ावा देता है। कहा कि हाथ धोना बीमार होने से बचने और दूसरों को बीमार न करने का सबसे अच्छा तरीका है। हाथ धोने से जठरांत्र व श्वसन संक्रमण संबंधित बीमारियों से बचा जा सकता है। इससे कीटाणु मर जाते हैं और उनका प्रसार भी रुक जाता है। बच्चों ने बड़े शौक से उत्साहपूर्वक हाथ धोने के सही तरीको को सीखा।
इस अवसर पर संजय कुमार, शगुफ्ता परवीन, शहनाज बानो, सुनीता, ट्विंकल, शशिकला सहित सैकड़ों छात्र-छात्रायें उपस्थित रहीं।



Post a Comment