Top News

शहीद बिहारी सिंह स्मारक स्थल पर सभा, रामायण, कबड्डी व मेले का आयोजन

शहीद बिहारी सिंह स्मारक स्थल पर सभा, रामायण, कबड्डी व मेले का आयोजन

करहां, मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के रानीपुर में अमर शहीद लेफ्टिनेंट बिहारी सिंह के स्मारक स्थल पर वृहस्पतिवार को शहीद दिवस मनाया गया। इसमें रामचरित मानस पाठ के मध्य लोंगों ने शहीद की प्रतिमा पर माला-फूल चढ़ाकर नमन निवेदित किया।  इस मौके पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल मेले व कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें क्षेत्रीय एवं दूरदराज के खिलाड़ियों एवं मेला देखने वालों ने हिस्सा लिया।

ज्ञातव्य हो कि रानीपुर गांव के निवासी, विलक्षण व मेधावी प्रतिभा के धनी बिहारी सिंह ने भारतीय सेना में कम समय में ही सिपाही से लेफ्टिनेंट तक का सफर पूरा किया। 1965 के भारत-पाक युद्ध में वे वीरगति को प्राप्त हुए। तबसे लेकर अबतक उनकी याद में उनके स्मृति दिवस 17 अक्टूबर को हजारों लोग जुटते हैं तथा पूरे देश की तरफ से कृतज्ञता के साथ श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

वृहस्पतिवार को जहां जिले के पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारियों ने सभा कर शहीद को याद किया तथा उनके जीवन पर प्रकाश डाला

वहीं मुख्य अतिथि सीओ मुहम्मदाबाद गोहना डॉक्टर अजय विक्रम सिंह ने शहीद स्मारक पर शीश झुकाया तथा कबड्डी प्रतियोगिता का फीता काटकर शुभारम्भ किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिता का पहला मैच गौहरपुर और पलिया के बीच खेला गया। इसमें कड़े संघर्ष के बीच पलिया 18-14 से विजेता रहा। इस मौके पर रामसूरत सिंह, शेषनाथ सिंह, शिवचंद राजभर, दुर्गविजय सिंह, चंद्रिका यादव, हृदय नारायण सिंह, अरविंद सिंह, नागेन्द्र सिंह, छत्रपाल सिंह, रामजग सिंह, अनिल सिंह छेदी, जितेंद्र दूबे, सभाजीत सिंह, अभिषेक सिंह अंकित आदि समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post