325 किसानों को सम्मानित कर मुफ्त दिया गया बीज व कृषि किट
करहां (मऊ) : करहां क्षेत्र के दरौरा गांव में मंगलवार को एक कृषक संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें आये अनेक कृषि वैज्ञानिकों ने पराली प्रबंधन व जैविक खेती के गुर बताये तथा 325 किसानों को सम्मानित करते हुये उन्हें मुफ्त सरसो, चना, प्याज के बीज सहित अनेक कृषि उपयोगी किट प्रदान किये।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनबीएआईएम कुशमौर के प्रधान वैज्ञानिक डॉक्टर हर्षवर्द्धन सिंह ने किसानों से बीज संरक्षित करने की अपील की। साथ ही जैविक खेती अपनाने पर बल दिया। विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ वैज्ञानिक वी मंगेश्वरन ने मिट्टी परीक्षण कर जैविक खाद उपयोग करने की सलाह दी। कृषि विज्ञान केंद्र पिलखी के कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर जितेन्द्र कुशवाहा ने पराली प्रबंधन की तकनीकी तथा फायदे बताये। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के सहायक खंड विकास अधिकारी कृषि संतोष मिश्रा ने बताया कि पराली जलाना पर्यावरण के लिए तो नुकसानदेह है ही, साथ में इसे दंडनीय अपराध भी घोषित कर दिया गया है।
कार्यक्रम में रानीपुर व मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक स्थित 11 गाँवों के 325 किसानों को सम्मानित कर उन्हें मुफ्त बीज व कृषि किट प्रदान किया गया। मंच का कुशल संचालन दपेहड़ी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के डायरेक्टर चन्द्रपाल चौहान ने किया।
इस मौके पर उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग मऊ के चंद्रभान राम, मृदा परीक्षण विशेषज्ञा अनुप्रिया यादव सहित मुख्य रुप से संजय कुमार, कलावती चौहान, हरमती देवी, शिवमूरत प्रसाद, दासी देवी, विकास सरोज, कमला चौहान, शैलेश चौहान, पुष्पा देवी, नाथू यादव, भानुमति देवी, जयश्रीराम, बिंदू देवी आदि सैकड़ों किसान मौजूद रहे।



Post a Comment