बीज व फसल अवशेषों का समुचित प्रबंधन करें किसान : डा. हर्षवर्धन
करहाँ (मऊ) : जिले के किसान भाई फसल उगाने के साथ-साथ बीज संग्रहण व संरक्षण करना सीखें। इससे उन्हें बार-बार बुवाई के समय महंगे दामों पर बीज खरीदने के लिये लाइन में नहीं लगना पड़ेगया। हमारे किसान भाई अच्छे किस्म की फसलों की बुवाई कर उससे बीज निकालना व बचाना खुद सीखें और उसे सामान्य अनाज से अच्छी कीमतों पर बेचें।
उक्त बातें स्थानीय तहसील के करहाँ के निकट दरौरा गाँव में आयोजित किसान जागरूकता कार्यक्रम में किसानों को बताते हुये कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनबीएआईएम कुशमौर के प्रधान वैज्ञानिक डाक्टर हर्षवर्धन सिंह ने कही। उन्होंने बीज, फसल अवशेष प्रबंधन व जैविक खेती के लाभ पर बल दिया। यह कार्यक्रम दपेहड़ी फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के तत्वाधान में आयोजित किया गया था, जिससे संबंधित महिला-पुरुष 325 किसानों को फ्री सरसो, चना, प्याज के बीज सहित कृषि उपयोगी उपकरण प्रदान किये गये। साथ ही उक्त किसानों को जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि कुशमौर केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्टर वी. मंगेश्वरन ने कहा कि किसान मृदा परीक्षण किट से अपनी कृषिभूमि का परीक्षण करें तथा उसके अनुसार खेती करें। उन्होंने जैविक व प्राकृतिक खेती का उपयोग करने की सलाह दी तथा रासायनिक खादों के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति चेताया। पिलखी कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि वैज्ञानिक डाक्टर जितेंद्र कुशवाहा ने पराली के बेहतर उपयोग की विधि बताई तो सहायक खंड विकास अधिकारी कृषि मुहम्मदाबाद गोहना संतोष कुमार मिश्रा ने पराली जलाने को दंडनीय अपराध बताया। कहा कि क्षेत्र के किसान ब्लॉक में आकर गेंहू का बीज सरकारी छूट के साथ ले सकते हैं।
कार्यक्रम में फरीदपुर, चकबरबोझी, मालव, मंडूसरा, अरैला, दतौली, शमशाबाद, चकज़ाफ़री, दरौरा, तिलसवां, दपेहड़ी, चकसहजा आदि गांवों के 325 किसानों को सरसों, चना, प्याज के बीज सहित सिचाई हेतु लपेटा पाइप व जैविक खाद का मुफ्त वितरण किया गया। उद्यान व खाद्य प्रसंस्करण विभाग से चंद्रभान राम व मृदा परीक्षण विशेषज्ञा अनुप्रिया यादव ने किसानों को जैविक व प्रगतिशील कृषि के लिये प्रशिक्षित किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन, स्वागत व आभार प्रदर्शन एफपीओ संचालक चंद्रपाल चौहान ने किया।
इस दौरान सहयोगी किसान संजय कुमार, कलावती चौहान, हरमती देवी, शिवमूरत प्रसाद, दासी देवी, विकास सरोज, कमला चौहान, शैलेश चौहान, पुष्पा देवी, नाथू यादव, भानुमति देवी, जयश्रीराम, बिंदू देवी सहित रानीपुर व मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के लगभग 400 किसान मौजूद रहे।


Post a Comment