Top News

क्षेत्र पंचायत की बैठक में विकास कार्यों पर हुई चर्चा

क्षेत्र पंचायत की बैठक में विकास कार्यों पर हुई चर्चा

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सदस्यों व अन्य जनप्रतिनिधियों की बैठक शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें पिछली बैठक से संबंधित कार्रवाई की पुष्टि करते हुए नये वित्तीय वर्ष के लिए विकास कार्यों के संबंध में प्रस्ताव आमंत्रित कर विचार किये गये। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में मौके पर कुल 70 प्रस्ताव दिए। बहुत सारे प्रतिनिधियों ने बाद में भी प्रस्ताव जमा किये। ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह व बीडीओ डॉक्टर चंद्रशेखर कुशवाहा समेत उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उक्त प्रस्तावों पर विचार के बाद विकास कार्य कराये जाने का आश्वासन दिया।

बैठक में मनरेगा योजना, पशुपालन, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका, ग्रामीण स्वच्छता, निशुल्क बोरिंग, पेंशन, खाद एवं बीज की उपलब्धता, बाल विकास पुष्टाहार योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण, केंद्र वित्त, राज्य वित्त एवं 15वें वित्त आयोग व अन्य योजनाओं पर विचार किया गया।

विभिन्न विभाग के अधिकारियों ने अपने विभाग में संचालित सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस दौरान वृद्धा, विकलांग एवं विधवा पेंशन के संबंध में भी जानकारी दी गई। बिजली विभाग से संबंधित समस्याओं के बारे में भी चर्चा की गई। जर्जर विद्युत तारों और सार्वजनिक स्थानों पर लगे खंभे को हटाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। कुछ सदस्यों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं के आर्थिक उत्पीड़न व विभिन्न अधिकारियों के अनुपस्थित होने का मामला उठाया। जिस पर ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह व बीडीओ ने नाराजगी प्रकट की। कहा कि भविष्य में इस तरह की शिकायत बर्दास्त नहीं की जायेगी। बैठक में ब्लॉक परिसर में डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की मांग की गई।

सहायक खण्ड विकास अधिकारी समाज कल्याण दुर्गेश सिंह ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक में कुल 3240 विधवाओं को पेंशन दी जा रही है। इसके अलावा 7960 वृद्ध और 875 दिव्यांग जनों को भी पेंशन प्रदान की जा रही है। खंड विकास अधिकारी डॉक्टर चंद्रशेखर कुशवाहा ने कहा कि कुष्ठ रोगी, निराश्रित, दिव्यांग, विधवा, बाढ़ और आगजनी में जले मकान के पीड़ितों को आवास का लाभ अवश्य दिया जाय। सर्वे की समय सीमा बढ़ गयी है अतः कोई भी पात्र व्यक्ति आवास के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। उन्होने राशन कार्ड से वंचित परिवारों को फैमिली आईडी बनाने के लिए कहा।

ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह ने कहा कि क्षेत्र पंचायत सदस्यों का जो भी सुझाव और प्रस्ताव है उसपर गंभीरता पूर्वक विचार  और परीक्षण कर उसे योजना में शामिल किया जाएगा। एक परिवार के सदस्य की तरह आप सभी के प्रस्तावों पर विकास कार्य सुनिश्चित कराया जायेगा।

स्नातक एमएलसी प्रतिनिधि राघवेंद्र प्रताप सिंह सिसोदिया ने कहा कि हाल ही में तीन प्रस्तावित सड़कों के निर्माण की मंजूरी एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने दी है। यदि किसी गांव के 6 मीटर चौड़ी व न्यूनतम 3 किमी लंबी सड़क का प्रस्ताव हो तो वो मुझें मंजूरी हेतु सौंप सकते हैं।

इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि राम प्रकाश यादव, जिला पंचायत सदस्य रामदरस यादव, रवि पासी, एडीओ गण आदित्य सिंह, रविकांत यादव, संजय कुमार, संतोष मिश्रा, वरिष्ठ लिपिक राजेश कुमार सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि हिन्दराज यादव, उमेश यादव, धनंजय सिंह, हिन्दराज कुमार, संतोष सिंह, धीरेंद्र खरवार, ज्ञानेंद्र सिंह, देवंती चौहान, अभिषेक सिंह, अभिषेक यादव, भीम कुमार, नौशाद अहमद, रामजीत यादव, सद्दाम हाशमी, मोहम्मद अशफ़ाक आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post