Top News

मठ गुरादरी पर लगेगा रामनवमी का भव्य मेला


मठ गुरादरी पर लगेगा रामनवमी का भव्य मेला

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के बाबा घनश्याम सहाब की तपोस्थली मठ गुरादरी धाम पर रामनवमी का भव्य मेला लगेगा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी यहां आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा। मेला की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।

बता दें कि उक्त स्थान बाबा घनश्याम दास सहित अन्य 06 सिद्ध सतनामी संतो की तपस्यास्थली के रुप में जाना जाता है। यहां कार्तिक पूर्णिमा, मौनी अमावस्या व रामनवमी पर दूरदराज एवं स्थानीय लोग पुण्य स्नान कर पवित्र गंगा सरोवर की परिक्रमा करते हैं तथा बाबा घनश्याम दास की दिव्य समाधि पर मत्था टेकते हैं। साथ ही लोग अन्नपूर्णा भंडार में अपनी नई फ़सल का दान कर भभूत प्रसाद ग्रहण करेंगे एवं वर्तमान महन्थ मानस धुरंधर भगवान दासजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर मेले का आनंद उठायेंगे।

यह स्थान भुड़कुड़ा, प्रयागरी, आगरी व गोविंद साहब की सतनामी संत परंपरा की शिष्य पीठ है। यहां के पहले संत व महन्थ बाबा घनश्याम दास चमत्कारिक महात्मा हुए। उन्होंने बचपन में गोचारण करते हुए अपनी माताजी के निवेदन पर सूखे जलाशय से अविरल जलधारा को प्रस्फुटित कर दिया था। जो कालांतर में पाताल गंगा सरोवर के नाम से विख्यात हुआ। पोखरे के किनारे बाबा घनश्याम दास सहित पदारथ दास, प्रहलाद दास, महाबल दास, सत्यनारायण दास व जगन्नाथ दास जैसे तपस्वी संतों की समाधियां स्थित हैं।

खास बात यह है कि इस स्थान की क्षेत्र और दूरदराज में काफी मान्यता है। करहां परिक्षेत्र के बयालिस गांवों के लोग यहां अपने सभी शुभ कर्म संपादित करते हैं। बाबा के दरबार से किसी भी भक्त की झोली खाली नहीं जाती। लोग यहां स्नान करके समाधि स्थल पर कोई भी झूठी कसम खाने से डरते हैं। लोग मानते हैं कि इस पवित्र स्थान पर झूठी कसमें खाने वाले लोंगो का अनिष्ट हो जाता है।

इस वर्ष भी मेले को सफल बनाने के लिए मठ प्रबंधन सहित पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। मठ से जुड़े सेवक छेदी सिंह, रामदास, नागेंद्र सिंह, संदीप दास, दिवाकर सिंह, अशोक जायसवाल, रामलाल, सोमबीर यादव, रणधीर सिंह, विजयदास सहित दर्जनों लोग साफ-सफाई सहित मेले के सफल आयोजन हेतु लगे हुये हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post