नये सत्र में प्रस्तावों पर तेज गति से होगा विकास कार्य : प्रमुख रानू सिंह
◆मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड सभागार में हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक
◆अनुपस्थिति विभाग के प्रतिनिधियों पर नाराज दिखे बीडीओ व ब्लाक प्रमुख
◆पात्रों को अवश्य मिले आवास का लाभ : बीडीओ चंद्रशेखर कुशवाहा
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड के सभागार में ब्लाक प्रमुख रानू सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार अपराह्न क्षेत्र पंचायत की आवश्यक बैठक सम्पन्न हुई। इसमें विभिन्न जनप्रतिनिधियों, विभागों के प्रतिनिधियों, ब्लाक के अधिकारियों, कर्मचारियों सहित जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों ने हिस्सा लिया। इसमें विभिन्न विकास कार्यों हेतु मौके पर 70 प्रस्ताव जमा किये गये। बैठक में पिछले वर्ष की कार्यवाही की पुष्टि करते हुये 2025-26 के प्रस्तावों व विकास कार्यों पर विचार किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुये खंड विकास अधिकारी डाक्टर चंद्रशेखर कुशवाहा ने विभिन्न लंबित विकास कार्यों को पूरा करने की अपील की। कहा कि आवास सर्वेक्षण की समय सीमा बढ़ गयी है, इसलिए हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री आवास के लाभ से वंचित न रहे। इसका पुनर्निरीक्षण मैं, मेरे सहायक व जिला स्तर के अधिकारी स्वयं करेंगे। खासकर दिव्यांग, निराश्रित, विधवा, कुष्ठ रोगियों, दैवीय आपदा, बाढ़ व आग में घर खो चुके लोंगो को सुविधा का लाभ अवश्य मिले। बताया कि अबतक 6825 लोंगो के आवास का सर्वे ब्लाक में हो चुका है। यह भी खेद प्रकट किया कि 2016 से अबतक भुगतान के बावजूद 36 आवास अपूर्ण हैं जो चिंतनीय है। फैमिली आईडी निर्माण की धीमी रफ्तार, बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं व बैठक में अनुपस्थित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों पर बीडीओ व ब्लाक प्रमुख असंतुष्ट दिखे।
ब्लाक प्रमुख रानू सिंह ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में अनुपस्थित विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी प्रकट की। कहा कि नये आर्थिक वर्ष में विकास की रफ्तार तेज होगी। आप सभी के मिले प्रस्तावों पर त्वरित कार्य कराया जायेगा। कहा कि मैं एक प्रमुख के रुप में नहीं बल्कि आपके परिवार के सदस्य के रुप में आप लोंगो के विकास कार्यों को पूर्ण कराने का जिम्मा लेती हूं।
बैठक को स्नातक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि राघवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक प्रतिनिधि रामप्रकाश यादव, विभिन्न सहायक खंड विकास अधिकारीगण आदित्य सिंह, रविकांत यादव, संजय कुमार, दुर्गेश सिंह, संतोष मिश्रा आदि सहित जिला पंचायत सदस्य रामदरश यादव, रवि पासी, हरिनाथ प्रसाद, उमेश यादव आदि ने संबोधित किया। बैठक में पेयजल, बाल विकास एवं पुष्टाहार, खाद-बीज की उपलब्धता, बोरिग, पेंशन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पशुपालन, मनरेगा आदि अनेक विभागों से संबंधित 15वें वित्त केंद्र आयोग की योजनाओं पर प्रकाश डाला गया। संचालन वरिष्ठ सहायक राजेश कुमार ने किया।
इस अवसर पर धनंजय सिंह, धीरेंद्र प्रताप, सुखदेव राजभर, ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, अशफाक अहमद, देवंती देवी, चंद्रभान यादव, अभिषेक सिंह, प्रयाग कुमार, परवेज अहमद आदि अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




Post a Comment