सॉफ्टवेयर इंजीनियर बन कर देश की सेवा करना चाहता है जिला टॉपर आर्यन राय
सेक्रेड हार्ट स्कूल में 10वीं टॉपर आर्यन का हुआ सम्मान, माता-पिता को भी दी गई शुभकामनाएं
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के सुरहुरपुर स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल में शनिवार को सीबीएसई बोर्ड के हाई स्कूल परीक्षा में जिला टॉपर छात्र आर्यन राय के साथ उसके माता-पिता को कॉलेज प्रशासन ने सम्मानित किया। कॉलेज में आयोजित समारोह में आर्यन की माता अनीता देवी और पिता सुनील राय को कॉलेज के प्रबंधक हरिकृष्ण बरनवाल और प्रिंसिपल डॉक्टर किरन कृष्ण ने सम्मानित करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दिया।
प्रबंधक श्री बरनवाल ने बताया कि मुहम्मदाबाद गोहना तहसील जैसे पिछड़े क्षेत्र में आर्यन राय ने 97.8 प्रतिशत अंक पाकर जिला में पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि हाई स्कूल की सभी मुख्य विषयों का ही अंक जोड़कर टॉपर का निर्धारण किया जाता है। इसमें आर्यन को सभी पांच विषयों में कुल 489 अंक मिला है और इस प्रकार जनपद में पहला स्थान हासिल किया है।
प्रिंसिपल डॉक्टर किरण कृष्ण ने बताया कि सेक्रेड हार्ट स्कूल में क्वालिटी शिक्षा का पूरा प्रयास किया जाता है। इधर कई वर्षों से कॉलेज से इंटर पास छात्र देश के विभिन्न मेडिकल और आईआईटी में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इसके अलावा सीडीएस में सफलता हासिल कर सेना में सब लेफ्टिनेंट पद पर भी चयनित हुए हैं। जिला टॉपर आर्यन राय से भविष्य की योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर बताया कि वह आईआईटी में प्रवेश लेकर कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में जाना चाहता है।
अपना सफलता का श्रेय स्कूल के शिक्षकों, कुशल प्रशासक प्रिंसिपल डॉक्टर किरण कृष्ण बरनवाल के अलावा अपने माता-पिता के उचित मार्गदर्शन को बताते हुए सभी का आभार जताया। इस दौरान प्रमुख रूप से विजय जायसवाल कॉलेज अध्यापक और गणमान्य उपस्थित रहे।


Post a Comment