डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप की पदकधारी छात्राओं का हुआ स्वागत
करहां (मऊ) : डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप 2025 में मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय सौसरवां की स्नेहा तथा रागिनी ने गोल्ड मेडल व उजाला तथा अनन्या ने सिल्वर मेडल जीत कर मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक का परचम फहराया है। जिन्हें सोमवार को विद्यालय पहुचते ही शिक्षकों तथा बच्चों ने माला पहनाकर व मुंह मीठा कर स्वागत किया।
डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन मऊ के तत्वावधान में चतुर्थ डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप 2025 का आयोजन लिटिल फ्लावर इन्टर नेशनल स्कूल खालिसपुर मऊ के सभागार में रविवार को किया गया। जिसमें सब जूनियर बालिका संवर्ग में प्राथमिक विद्यालय सौसरवां की स्नेहा तथा उजाला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः गोल्ड मेडल व सिल्वर मेडल को अपने कब्जे में ले लिया। अब ये बच्चियां प्रदेशीय चैम्पियनशिप में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगी। जबकि प्री-सब जूनियर बालिका संवर्ग में इसी विद्यालय की रागिनी व अनन्या ने भी क्रमशः गोल्ड मेडल व सिल्वर मेडल जीत कर अपनी श्रेष्ठता का परिचय दिया।
सोमवार को जैसे ही गोल्ड व सिल्वर मेडल जीतने वाली बच्चियां विद्यालय पहुंची, उनका स्वागत फूल माला व मिष्ठान के साथ किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामनिवास मौर्य ने कहाकि सोना-चांदी जीतकर बच्चियों ने हम सबको गौरवान्वित किया है। इस अवसर पर ज्योतीन्द्र पति पाण्डेय, शगुफ़्ता यास्मीन, शिवदान चौहान समेत अनेक अभिभावक व सैकड़ों छात्र-छात्रायें मौजूद रहीं।


Post a Comment