Top News

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में लगी आग, ड्राइवर खलासी ने कूदकर बचाई जान

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में लगी आग, ड्राइवर खलासी ने कूदकर बचाई जान

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर हरिजन बस्ती के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भोर में अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। इससे उसकी तेल की टंकी फटने से आग लग गयी। ड्राइवर व खलासी ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पाकर मौके पर पहुचीं यूपीडा के सचल सुरक्षा दस्ते एवं पुलिस टीम ने दमकल कर्मियों को बुलाकर आग पर काबू पाया। तबतक ट्रक पर लदी चीनी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोंडा जनपद के जरवल से चीनी लादकर चला ट्रक संख्या यूपी 51 एटी 6535 शुक्रवार को भोर में बिहार राज्य के डुमरा जा रहा था। अलसुबह करीब 04 बजे के आसपास जैसे ही वह पूर्वाचल एक्सप्रेसवे के 264.3 किमी के प्वाइंट पर सैदपुर गांव की हरिजन बस्ती के पास पहुंचा तबतक चालक को झपकी आने से डिवाइडर से टकराकर उसे दूर तक तोड़ता चला गया। इससे उसकी तेल की टंकी फट गई और ट्रक में भीषण आग लग गयी।

ट्रक चालक बिहार राज्य के बक्सर जिला अंतर्गत चट्टीभोला डेरा गांव निवासी दीपक यादव व खलासी मंटू यादव ने कूदकर अपनी जान बचाई। जबतक मौके पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का सचल सुरक्षा दस्ता, स्थानीय पुलिस व दमकल कर्मी पहुंचकर आग पर काबू पाते, तब तक ट्रक पर लदी पूरी चीनी जलकर राख में बदल चुकी थी।

इस संबंध में कोतवाली प्रभारी रविंद्रनाथ राय ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में लगी आग की सूचना पर 04:30 पर पुलिस पहुंची तो ट्रक जल रहा था। ड्राइवर व खलासी सुरक्षित मिले। ट्रक की आग बुझाकर उसे किनारे करवाया गया।



Post a Comment

Previous Post Next Post