पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर ट्रक में लगी भीषण आग, बचे खलासी व ड्राइवर
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार की भोर में बिहार जा रहे ट्रक के डिवाइडर से टकराने के बाद उसमें आग लग गई। हादसे में ड्राइवर और खलासी ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पाकर यूपीडा की राहत टीम व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और किसी प्रकार आग पर काबू पाया। तब तक ट्रक और उसमें लदी चीनी पूरी तरह जलकर राख हो गयी थी।
मिली जानकारी के मुताबिक गोंडा जिले के जरवल से चीनी लादकर ट्रक नंबर UP51AT6535 शुक्रवार को बिहार राज्य के डुमरा जा रहा था। इस बीच सैदपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 264.3 किमी की लोकेशन पर अलसुबह 04 बजे के आसपास ड्राइवर को झपकी आ गई। इससे ट्रक अनियंत्रित होकर बाईं तरफ डिवाइडर से दूर तक टकराता चला गया। डिवाइडर से जोरदार टक्कर के कारण ट्रक की तेल टंकी फट गई और उसमें आग लग गई। ट्रक चालक बक्सर के चट्टीभोला डेरा गांव निवासी दीपक यादव और खलासी मंटू यादव ने कूदकर अपनी जान बचाई।
ट्रक में आग लगने की सूचना पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की राहत टीम और स्थानीय पुलिस दस्ता भोर में करीब 04:30 बजे मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों सहित सबने मिलकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक ट्रक में रखी चीनी और ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।



Post a Comment