Top News

तहसील दिवस के 82 प्रार्थना पत्रों में 04 का हुआ निस्तारण

तहसील दिवस के 82 प्रार्थना पत्रों में 04 का हुआ निस्तारण

करहां (मऊ) : तहसील परिसर मुहम्मदाबाद गोहना में शुक्रवार को आयोजित तहसील दिवस में कुल 82 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। इनमें से केवल चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया जा सका, शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को अग्रेषित किया गया।

प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से 40 मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे, जबकि 20 प्रकरण पुलिस विभाग से संबंधित थे। शेष आवेदन अन्य विभागों से जुड़े मुद्दों पर आधारित रहे। प्रशासन द्वारा तीन मामलों में जांच के लिए टीमें मौके पर भेजी गईं। अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकता के आधार पर सभी शिकायतों की जांच कर जल्द निस्तारण कराया जाएगा।

राजस्व विभाग से संबंधित मामलों में भूमि की पैमाइश, दाखिल-खारिज और सीमांकन जैसे विषय प्रमुख रहे। वहीं पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतों में पारिवारिक विवाद, भूमि विवाद और शांति भंग की आशंका जैसे प्रकरण सामने आए। तहसील दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी कार्यालय, कोतवाली, विकास विभाग, नगर पंचायत, विद्युत विभाग और अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

लोगों ने उम्मीद जताई कि जिन मामलों का निस्तारण मौके पर नहीं हो सका है, उनका समयबद्ध समाधान किया जाएगा। वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि कई मामलों में सिर्फ पत्रावली भरने तक ही सीमित कार्रवाई होती है, जमीनी कार्यवाही नहीं दिखती।

Post a Comment

Previous Post Next Post