कोलौरा गाँव में आरएएफ मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने लगाया फ्री हेल्थ कैंप
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील कोलौरा गांव में शुक्रवार को आरएएफ मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की ओर से एक नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 127 ग्रामीणों का फ्री जांच और इलाज किया गया। शिविर में खास तौर पर दमा, महिला रोग, ब्लड प्रेशर और शुगर से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही।
शिविर में चिकित्सा सेवाएं देने के लिए डॉ नलिनी सिंह (MBBS, MS GYNO), डॉ शगुफ्ता (महिला रोग विशेषज्ञ), डॉ अभिनव पाल (पूर्व सहारा हॉस्पिटल) और डॉ पंकज सिंह मौजूद रहे। स्फेरोमेट्री से लेकर सांस की बीमारियों तक की जांच पूरी तरह नि:शुल्क की गई। आरएएफ हॉस्पिटल के संचालक डॉ पंकज सिंह ने बताया, हमारा मकसद केवल इलाज करना नहीं, बल्कि ज़रूरतमंदों की जिंदगी में आशा की एक किरण जगाना है। गरीबों की सेवा हमारे लिए एक मिशन है, जिसे हम पूरे समर्पण से निभाते रहेंगे।
वहीं हॉस्पिटल के सह-संस्थापक और समाजसेवी एडवोकेट नीरज सिंह ने शिविर को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, स्वास्थ्य एक बुनियादी अधिकार है और हमारा कर्तव्य है कि गांव-गांव जाकर हर उस व्यक्ति तक इलाज पहुंचाएं जो साधनों के अभाव में उपेक्षित रह जाता है। शिविर में आई ग्रामीण महिलाओं और बुज़ुर्गों ने खुशी जताते हुए कहा कि इस तरह की स्वास्थ्य सेवाएं उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं। आरएएफ हॉस्पिटल की यह पहल गांव के लोगों के लिए राहत और भरोसे की एक नई मिसाल बनकर उभरी है।




Post a Comment