दहेज उत्पीड़न में छह ससुरालीजनों पर केस
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र की जूड़नपुर निवासिनी कविता चौहान ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के छह सदस्यों पर दहेज उत्पीड़न व प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए गुरुवार को केस दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही दहेज को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रुप से प्रताड़ित किया गया। यहां तक कि पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस केस दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पीड़िता कविता चौहान की शादी 03 जून 2023 को रानीपुर थानान्तर्गत मंडूसरा के कटरवां निवासी प्रवीण चौहान से हिंदू रीति-रिवाजों से हुई थी। शादी में लड़की के पिता द्वारा नकद 50 हजार रुपये, बाइक, सोने की चेन व अन्य घरेलू सामान दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग शुरु कर दी।
कविता का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो 06 अगस्त 2024 को पति प्रवीण, ननद पिंकी, सास गिरिजा देवी, ससुर धुरंधर, देवर प्रीतम उर्फ पप्पू व प्रभात उसे मारपीट कर घर से निकाल दिये। उसके गहने, कपड़े और पैसा भी छीन लिया गया। पंचायत के दौरान भी ससुराल पक्ष ने उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।

Post a Comment