Top News

स्वरोजगार से आमदनी बढ़ाएं किसान : उप निदेशक जयकरन सिंह

स्वरोजगार से आमदनी बढ़ाएं किसान : उप निदेशक जयकरन सिंह

•प्रति ब्लाक एक फसल योजनांतर्गत कृषक संगोष्ठी का हुआ आयोजन

•रानीपुर ब्लाक के ग्रामसभा कुड़िया डड़ारी में शुरु हुआ एक सप्ताह का मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण शिविर

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के ग्रामसभा कुड़िया डड़ारी में शुक्रवार को उद्यान व खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा ग्रामधारा व जनपालन समिति के संतुक्त तत्वाधान में 'एक ब्लाक एक फसल' नामक कृषक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को मधुमक्खी पालन के संबंध में एक सप्ताह तक चलने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की। मुख्य अतिथि उद्यान विभाग के मंडल उप निदेशक जयकरन सिंह ने स्वरोजगार से आमदनी बढ़ाने पर जोर दिया।

सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करते हुए उद्यान विभाग के मंडलीय उप निदेशक जयकरन सिंह ने कहा कि मधुमक्खी पालन न केवल शहद उत्पादन का साधन है, बल्कि परागण के माध्यम से फसलों की उपज में 20 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि करता है। इसलिए किसानों से आग्रह है कि वे मधुमक्खी पालन जैसे स्वरोजगार से अपनी आमदनी बढ़ाने हेतु प्रशिक्षण लेकर अपना जीवन स्तर सुधारें।

जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्त ने किसानों को सरकारी योजनाओं एवं अनुदानों की जानकारी दी। कहा कि इनका लाभ लेकर किसान कम लागत में अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकते हैं। बताया कि हर व्यक्ति को सरकारी नौकरी नहीं मिल सकती। इसलिए किसान बंधु और खासकर युवा वर्ग प्रशिक्षण लेकर मेहनत करें एवं स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनें।

कृषि विज्ञान केंद्र पिलखी के प्रधान वैज्ञानिक डाक्टर विनय कुमार सिंह एवं वैज्ञानिक डाक्टर आकांक्षा सिंह ने प्रशिक्षण के वैज्ञानिक पहलुओं को समझाया। इन्होंने आधुनिक मधुमक्खी बाक्स प्रबंधन, रोग नियंत्रण एवं शहद के गुणवत्ता मानकों के बारे में जानकारी दी। जनपालन समिति के अध्यक्ष पारस भारत एवं संरक्षक रविशंकर भारत ने ग्रामीण युवाओं से अपील किया कि वे इस व्यवसाय को अपनाकर आर्थिक आत्मनिर्भरता प्राप्त करें। इस शिविर का उद्देश्य ही ग्रामीण युवाओं एवं किसानों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और कृषि आधारित आय के नए साधन विकसित करना है।

इस अवसर पर मुहम्मदाबाद गोहना व रानीपुर ब्लाक के उद्यान अधिकारी चंद्रभान राम, उद्यान निरीक्षक अरुण कुमार यादव, प्रशिक्षक रोहित व आनंद पाठक सहित किसान बृजेश कुमार सिंह, चंद्रपाल चौहान, रामनरेश यादव, शमशेर भारत, शिवजनम यादव, बृजेश यादव, सुनील चौहान, चंद्रिका चौहान आदि करीब सौ से अधिक किसान उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post