कुत्ते के काटने से महिला बुरी तरह घायल
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के करहां, मुहम्मदाबाद व चिरैयाकोट क्षेत्र में आवारा कुत्तों व बंदरों का उत्पात चरम पर है। जहां सड़क पर चलते राहगीर इनकी चपेट में आकर गिरकर घायल हो जाते हैं, वहीं कई जगह ये महिलाओं, विद्यार्थियों व बुजुर्गों को दौड़ाकर काट लेते हैं। क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से इनपर काबू पाने का आग्रह किया है।
चिरैयाकोट थानांतर्गत सिकंदरपुर गांव निवासिनी कई असाध्य रोगों से पीड़ित विधवा महिला 44 वर्षीय मीरा सिंह पत्नी स्व. अजय कुमार सिंह को पिछले महीनों कुत्ते ने पीछे से हमला कर पैर में काट लिया। उस समय वह महिला अनाज सुखाने में मशगूल थी। आनन-फानन में स्वजन अस्पताल ले गए जहां उनके घाव को धोकर मलहम पट्टी की गई और टिटनेस का इंजेक्शन लगाया गया।
सुबह रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर एंटी रैबीज वैक्सीन लगाया गया और यह निरंतर चार बार लगवाया गया। इसके अलावा कुत्ते के काटने से मांश निकलने के कारण चिकित्सकों की सलाह पर एक विशेष एंटी रैबीज का इंजेक्शन जिला मुख्यालय के प्रकाश ट्रामा सेंटर में लगवाया गया। एक महीने के उपरांत विधवा महिला का घाव ठीक हो पाया।

Post a Comment