शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी में पहुंचे बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव वेद प्रकाश राय
•राष्ट्रपति व राज्य योग पुरस्कार प्राप्त शिक्षक रामनिवास मौर्य को किया सम्मानित
•राष्ट्रनिर्माण में प्राथमिक शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान : वेद प्रकाश राय
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर में शनिवार अपराह्न शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे बेसिक शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश के संयुक्त सचिव वेद प्रकाश राय, विशिष्ट अतिथि बलिया बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार व खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने सरस्वती प्रतिमा का पूजन-अर्चन, माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलन किया। उन्होंने बेसिक शिक्षकों के महत्व, योगदान व शासन के द्वारा शैक्षिक विकास हेतु किए जा रहे कार्यों पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पहुंचने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक व प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष शशिभूषण राय ने माला-फूल, बुके, अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत नृत्य व शिव तांडव की सुंदर प्रस्तुति से मन मोह लिया।
संयुक्त सचिव ने राष्ट्रपति व राज्य योग पुरस्कार प्राप्त शिक्षक रामनिवास मौर्य को अंगवस्त्र व स्मृतिचिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया एवं उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों से रामनिवास मौर्य के कार्यशैली का अनुकरण करने की सलाह दी।
संयुक्त सचिव वेद प्रकाश राय ने बताया कि बड़े बच्चों को पढ़ाना व सिखाना सरल है लेकिन प्राथमिक स्तर पर बच्चों के अंदर शिक्षा और संस्कार विकसित करना कठिन कार्य है। प्राथमिक शिक्षक राष्ट्रनिर्माण में सबसे गुरुत्तर योगदान देते हैं। बेसिक के शिक्षक अपनी शिक्षा से भारत का भविष्य व ऐतिहासिक धरोहर का निर्माण करते हैं। कहा कि शिक्षा ज्ञान व संस्कार की जननी है, इसलिए विभाग में लगे शिक्षक बंधु अपने दायित्वों का गुणवत्तापूर्वक निर्वहन करें। शिक्षालय देवालय और मस्जिद से महत्वपूर्ण मंदिर है। इसके महत्व को सबको समझना चाहिए।
बलिया बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार ने विभाग की विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। स्वागत भाषण खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी, संचालन एसआरजी अरविंद पांडेय और धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक शशिभूषण राय ने किया। इस अवसर पर सुमित राय, रमेश शाही, प्रतिमा राय, विजय कुमार सिंह, प्रवीण राय, अनिल सिंह, सुनीता पांडेय, वंशराज प्रसाद, राजेश राम, साधना यादव, शशिकांत, विनोद कुमार, पवन गुप्ता, जिया तबस्सुम, रामप्रवेश यादव आदि दर्जनों शिक्षक उपस्थित रहे।







Post a Comment