राज्य स्तरीय किक बाक्सिंग में मऊ के अभिषेक ने जीता स्वर्ण पदक
•मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के नूरपुर नगरीपार गांव निवासी हैं अभिषेक यादव
•बचपन से ही विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में करते हैं प्रतिभाग
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक क्षेत्र के नगरीपार निवासी युवा खिलाड़ी अभिषेक यादव पुत्र विरेंद्र यादव ने लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश किक बाक्सिंग चैंपियनशिप में आगरा के खिलाड़ी को 2-1 के अंतराल से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया है। इस खबर से क्षेत्रवासियों में जहां हर्ष का माहौल है, वहीं जनपद के लिए यह एक गौरवपूर्ण क्षण है।
बता दें कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जवाहरलाल नेहरु राष्ट्रीय युवा केंद्र में चौथा उत्तर प्रदेश राज्य किक बाक्सिंग चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन चल रहा है। यह प्रतियोगिता 23 और 24 अगस्त को खेली गई। कार्यक्रम का आयोजन किक बाक्सिंग एसोसिएशन उत्तर प्रदेश द्वारा किया गया है, जो किक बाक्सिंग फेडरेशन आफ इंडिया से संबद्ध है तथा स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया और एसोसिएशन आफ इंडियन यूनिवर्सिटीज द्वारा मान्यता प्राप्त है।
ज्ञातव्य हो कि इस चैंपियनशिप में सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के बालक-बालिका और युवक, युवतियां प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों में अनुशासन, स्थिरता, निरंतरता और निष्ठा जैसे गुणों को बढ़ावा देना है।
सीनियर वर्ग के 85 किलोग्राम भार वर्ग में जिले के नूरपुर नगरीपार निवासी अभिषेक यादव पुत्र विरेंद्र यादव ने अपने फाइनल मैच में आगरा के खिलाड़ी को तीन राउंड के मैच में 2-1 के अंतराल से परास्त कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस सूचना पर भाजपा नेत्री पूनम सरोज, अधिवक्ता अशीत कुमार पाठक, ब्लाक प्रमुख रानू सिंह, बेचन यादव, कुसुम राय, चंदन उपाध्याय, रामदरश यादव, विशाल गुप्ता, दीपक गुप्ता आदि ने बधाई दी है।



Post a Comment