Top News

कोठिया से मठिया-मंडूसरा मार्ग बेहद जर्जर, मरम्मत की उठी मांग

कोठिया से मठिया-मंडूसरा मार्ग बेहद जर्जर, मरम्मत की उठी मांग

करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के शमशाबाद चट्टी स्थित कोठिया गांव से दतौली होते हुए मंडूसरा और मठिया जाने वाला मार्ग बेहद जर्जर स्थिति में है। इसकी वजह से इससे होकर दर्जनों गांवों के लोंगो को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने इसकी शीघ्रातिशीघ्र मरम्मत की मांग की है।

मुहम्मदाबाद गोहना व रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के अनेक गांवों को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की स्थिति पिछले तीन वर्षों से दयनीय है। क्षेत्रीय लोंगो ने संबंधित विभाग व जनप्रतिनिधियों से कई बार गुहार लगाई लेकिन इसका पुरसाहाल किसी ने नहीं लिया। गढ्ढो से भरी उखड़ी हुई सड़क पर बरसात शुरु होने के बाद अनेक जगह जलजमाव व कीचड़ उत्पन्न हो गया है। इससे आए-दिन किसान, व्यापारी, महिला, बुजुर्ग, मरीज और छात्र-छात्राएं गिरकर घायल हो रहे हैं।

मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के शमशाबाद चट्टी अर्थात कोठिया गांव से निकला यह करीब 8 किलोमीटर लंबा लिंक मार्ग दतौली से दो भागों में बंट जाता है। एक रास्ता रानीपुर ब्लाक के मंडूसरा गांव को जाता है, तो दूसरा इसी ब्लाक के मठिया गांव को जोड़ता है। इस रास्ते से मठिया हाईडिल, रानीपुर थाने, जनता इंटर कालेज व पीजी कालेज रानीपुर आने जाने वालों को रोजाना सफर तय करना पड़ता है। इसके अलावा मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक व तहसील मुख्यालय जाने वाले लोग भी इसी क्षत्रिग्रस्त मार्ग से आते-जाते हैं। यह मऊ जनपद के दर्जनों गांवों को सुहवल के रास्ते पड़ोसी जनपद आजमगढ़ और गाज़ीपुर को भी जोड़ने का काम करता है।

क्षेत्रवासी अविनाश सिंह नायडू, पंकज पासवान, राजा यादव, कालिका प्रसाद गोंड़, डाक्टर आर.एन. यादव, उज़्ज़वल सरोज, मनोज यादव, अनिल चौहान, बलबीर शर्मा, रामनरायन गुप्ता आदि ने संबंधित विभाग से इसकी शीघ्र मरम्मत की मांग की है। कहा कि यदि इस सड़क की जल्द मरम्मत नहीं कि जाती तो क्षेत्रवासी किसी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post