शमशाबाद के सूर्य ने 50 मीटर प्रोन शूटिंग में जीता स्वर्ण पदक
•राजस्थान के जयपुर में संपन्न हुई स्टेट लेवल चैंपियनशिप
•14 वर्षीय सूर्यप्रताप सिंह पिछले एक वर्ष से कर रहे थे अभ्यास
करहां (मऊ) : जिले के मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक अंतर्गत शमशाबाद गांव निवासी 14 वर्षीय सूर्यप्रताप सिंह ने कमाल करते हुए स्टेट लेवल की 50 मीटर प्रोन शूटिंग में स्वर्ण पदक हासिल किया है। उनकी इस सफलता पर गांव क्षेत्र में जहां खुशी का माहौल है, वहीं अनेक गणमान्य लोंगो ने उन्हें बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया है।
बता दें कि शमशाबाद गांव निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य नागेंद्र भूषण प्रताप सिंह के पुत्र सूर्य प्रताप अपने स्वर्गीय दादा जनता इंटर कालेज रानीपुर के पूर्व प्रधानाचार्य रविंद्र बहादुर सिंह के निशानेबाजी कौशल से प्रभावित होकर शूटिंग का प्रशिक्षण लेना शुरु किया। वाराणसी में रहकर स्कूली पढ़ाई करने वाले सूर्य पिछले एक वर्ष से चितईपुर स्थित पूर्वांचल शूटिंग एकेडमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
30 अगस्त से 07 सितंबर के बीच जयपुर स्थित इंडोर रेंज में उन्होंने 04 सितंबर को स्वर्णिम सफलता हासिल की। उनके कोच सत्यम सिंह ने बताया कि मात्र एक वर्ष के प्रशिक्षण में ही सूर्य का 50 मीटर प्रोन शूटिंग में स्टेट चैंपियन बनना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। आगे चलकर वह जरुर इस क्षेत्र में देश का नाम रौशन करेंगे।
सूर्यप्रताप सिंह की इस स्वर्णिम सफलता पर उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री यशवंत सिंह, विधायक राजेंद्र कुमार, एमएलसी विक्रांत सिंह रिशु, भाजपा नेत्री पूनम सरोज, ब्लाक प्रमुख मुहम्मदाबाद गोहना रानू सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्त करहां रवि सिंह व आशीष चौधरी, वर्तमान जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि करहां रवि पासी, ग्रामप्रधान रामजीत यादव आदि ने बधाई देते हुए सूर्यप्रताप के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



Post a Comment