Top News

तहसील के भ्रष्ट रवैये के खिलाफ अधिवक्ता आक्रोशित, किया प्रदर्शन

तहसीलदार के भ्रष्ट रवैये के खिलाफ अधिवक्ता आक्रोशित, किया प्रदर्शन

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अधिवक्ता एसोसिएशन से जुड़े तमाम अधिवक्तागण गुरुवार को तहसील व तहसीलदार के भ्रष्ट रवैये खिलाफ आक्रोशित हो उठे। उन्होंने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया और तहसीलदार के न्यायालय का बहिष्कार कर दिया।

अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि तहसीलदार लगातार अधिवक्ताओं के साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं। पत्रावलियों का निस्तारण बिना सुनवाई किए कर रहे हैं और वादकारियों के घर जाकर सीधे धन उगाही कर रहे हैं। कहा कि तहसीलदार पत्रावलियों को अग्रसारित नहीं कर रहे हैं। कई मामलों में यदि कोई पत्रावली अग्रसारित होती है तो वे स्वयं काट देते हैं। संघ की कमेटी व अधिवक्ताओं द्वारा दो बार वार्ता किए जाने के बावजूद उनके कार्यशैली और व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। अध्यक्ष फिरोज अहमद ने बताया कि बीते 04 सितंबर को सुबह करीब 10.15 बजे तहसीलदार ने कोतवाल समेत पुलिस बल बुलाकर अधिवक्ताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की। इससे अधिवक्ताओं में आक्रोश है।

गुरुवार को हुई बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि मौजूदा हालात में तहसीलदार के न्यायालय में न्यायिक कार्य करना संभव नहीं है। अधिवक्ताओं ने कहा कि कभी भी गंभीर घटना घट सकती है। इसीलिए तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग करते हुए उनके न्यायालय का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।

प्रदर्शन करने वालों में अध्यक्ष फिरोज अहमद, मंत्री उमाशंकर यादव, महेश यादव, अली अकरम, महेंद्र राय, सैय्यद अली इमदाद जैदी, आफताब अहमद, अरसे आलम, विजय कुमार, विनोद कुमार सिंह, प्रभाकर राय, छोटेलाल शर्मा, अनुराग श्रीवास्तव आदि रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post