अनियंत्रित ट्रेलर घर में घुसा, तीन वर्षीय बच्ची की मौत
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के बाईपास मोड़ पर सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मऊ से आज़मगढ़ की ओर जा रहा एक ट्रेलर कार को बचाने में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसा। इस भीषण हादसे में तीन वर्षीय मासूम बच्ची पीहू पुत्री मिथलेश निवासी बाईपास मोड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर तेज़ रफ्तार में था और कार को बचाने में चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया। ट्रेलर इतनी ज़बरदस्त टक्कर के साथ घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा कि मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ परिवार बेहद गरीब है और पत्थर तोड़कर किसी तरह से जीवनयापन करता है। मासूम पीहू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के समय बच्ची का पिता मिथिलेश कहीं गया हुआ था।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल देखा गया। कई लोगों ने कहा कि यदि हादसा कुछ दूरी आगे स्टेशन और ब्लॉक के पास होता, जहां प्रतिदिन सड़क किनारे भीड़ रहती है, तो बड़ी संख्या में जनहानि हो सकती थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं ट्रेलर अब भी घर के अंदर फंसा हुआ है, जिसे हटाने का प्रयास किया जा रहा है। जुटे लोंग ट्रेलर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।


Post a Comment