गाजीपुर स्टेडियम ने तरौखा आजमगढ़ को 26-16 से हराकर रूपा मेमोरियल कबड्डी ट्रॉफी का बना विजेता
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र के सुप्रसिद्ध शमशाबाद कुटी पर आयोजित मेले में चल रही राज्यस्तरीय रूपा मेमोरियल कबड्डी प्रतियोगिता का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। रोमांचक फाइनल मुकाबले में गाजीपुर स्टेडियम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तरौखा आजमगढ़ की टीम को 26-16 के अंतर से परास्त कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं घुटमा मऊ की टीम ने तीसरा और ऐरा खुर्द आजमगढ़ ने चौथा स्थान हासिल किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि करहां जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवि पासी ने विजेता टीम के कप्तान को ₹9000 नकद इनाम व ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता टीम तरौखा आजमगढ़ को ₹5000, तृतीय स्थान प्राप्त घुटमा मऊ को ₹3000 तथा चतुर्थ स्थान प्राप्त ऐरा खुर्द आजमगढ़ की टीम को ₹1000 नकद व ट्रॉफी दी गई। दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आमंत्रित 48 टीमों में से चयनित 32 टीमों ने भाग लिया। दिन-रात चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रख्यात हड्डी एवं जोड़ रोग विशेषज्ञ सर्जन डॉ. उमेश सरोज, प्रवीण त्रिपाठी, महेंद्र यादव, रामदरश यादव, ग्राम प्रधान रामजीत यादव सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान दिनेश सरोज, कालिका प्रसाद गोंड़, हरिबंश वैरागी, सुरेंद्र पासवान, मुकेश सरोज, आकाश शर्मा, विशाल कुमार, बृजेश, रोहित, मोनू, कुलदीप, रोहित आदि कार्यकर्ताओं समेत सैकड़ों दर्शक मौजूद रहे और पूरे जोश के साथ मुकाबले का आनंद लिया।


Post a Comment