•सरकारी दर से अधिक मूल्य पर खाद बेच रहे समिति कर्मी, दीपावली के दिन भी खुलेआम गड़बड़ी जारी
मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक क्षेत्र के मालव स्थित साधन सहकारी समिति पर डीएपी खाद वितरण में अनियमितता और मनमानी के आरोप लगे हैं। समिति से संबंधित ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी मऊ को शिकायती पत्र भेजकर मामले की जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने कहा है कि यदि शीघ्र जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो किसान वर्ग बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि नियुक्त सहकारी समिति के प्रभारी सचिव अनुपस्थिति रहते हैं और मौजूद विभिन्न कर्मियों द्वारा सरकारी रेट से अधिक कीमत पर डीएपी खाद बेचा जा रहा है। शासन द्वारा प्रति बोरी 1350 रुपये का दर निर्धारित होने के बावजूद समिति कर्मी किसानों से 1400 रुपये तक वसूल कर रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि दीपावली जैसे त्यौहार के दिन भी खाद वितरण का कार्य मनमाने तरीके से किया गया और किसानों को रसीद या रजिस्टर में प्रविष्टि तक नहीं दी जा रही है।
शिकायतकर्ताओं ने बताया कि समिति सचिव व संबंधित कर्मचारियों की मिलीभगत से यह अनियमितता की जा रही है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने कहा कि छोटे किसान कड़ी धूप में घंटो कतार में लगे रहते हैं जबकि अनेक मनपसंद बड़े किसानों व व्यापारियों को आसानी से अधिकाधिक खाद उपलब्ध करा दी जा रही है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर व जनसुनवाई पोर्टल पर किए जाने के बावजूद समस्या का हल नहीं हो रहा है।
ग्रामीणों द्वारा जिलाधिकारी को भेजे गए आवेदन पर भूपेंद्र कुमार पांडेय, बृजेश सिंह, रामजी, विंध्यवासिनी, बिकायल राजभर, सुभावती देवी, मनीता देवी, गौरव राजभर, रामनरेश यादव, निखिल राजभर, शोभा देवी, अनीता देवी, अभिषेक पांडेय सहित दर्जनों किसानों के हस्ताक्षर व अंगूठे अंकित हैं। इस संबंध में प्रभारी सचिव बेचन यादव ने बताया है कि वह सर्वाइकल बीमारी से पीड़ित हैं। चिकित्सक ने उन्हें आराम करने की सख्त हिदायत दी है। अनियमितता का आरोप निराधार है। नियुक्त कर्मचारीगण नियमानुकूल शीघ्र सबको खाद वितरित करने में लगे हैं।


Post a Comment