करवा चौथ में व्रती महिलाओं ने पति की सलामती के लिये की प्रार्थना
करहां (मऊ) : सम्पूर्ण भारत राष्ट्र सहित विदेशों में रहने वाली हिंदुस्तानी महिलाओं ने रविवार को करवा चौथ का व्रत रखा और अपने पतियों की सलामती के लिये प्रार्थना की। जनपद की तमाम सुहागिनों के साथ करहां परिक्षेत्र में भी इस व्रत की धूम रही।
बाजारों में दिनभर बनी रही विशेष चहल पहल के साथ देर शाम क्षेत्र के विभिन्न गांवों सहित कस्बों व राजर्षि नगर में सुहागिन महिलाओं ने सामूहिक रूप से भगवान शिव, माता पार्वती और कार्तिकेय के साथ-साथ भगवान गणेश की पूजा कर चंद्रदर्शन के साथ पति का चेहरा देखा और अर्घ्य देने के बाद स्वयं जल ग्रहण किया।
बता दें कि इस व्रत को पहली बार माता पार्वती ने भगवान शिव के लिए रखा था। मान्यता है कि इस व्रत के प्रभाव से मां पार्वती को अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद मिला था। कहते हैं कि तभी से सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद पाने के लिए करवा चौथ का व्रत रख रही हैं। ऐसा माना जाता है कि यह व्रत रखने से पति के जीवन में किसी भी तरह के कष्ट नहीं आते हैं।
इसके बाद पूरे दिन निर्जला व्रत रख शाम को चंद्रमा के उदय होने पर तुलसी माता के समीप गौरी, गणेश, भगवान शिव-पार्वती, कार्तिकेय और चंद्रमा का पूजन किया। चंद्रमा की पूजा कर सात बार गोल-गोल घूमकर अर्घ्य दिया। विधि-विधान से पूजन करने के बाद स्वयं ही वाचन कर करवाचौथ की कथा सुनी। पूजा करने के बाद महिलाओं ने अपने पतियों का चेहरा देखा तथा निर्जला व्रत का पारण किया।








Post a Comment