Top News

करहां परिक्षेत्र के विभिन्न जलाशयों पर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य

करहां परिक्षेत्र के विभिन्न जलाशयों पर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया गया अर्घ्य

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक अंतर्गत करहाँ परिक्षेत्र के सुप्रसिद्ध गुरादरी मठ के पवित्र गंगा सरोवर सहित 42 गांवों के सरोवरों पर छठ पर्व की व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को श्रद्धापूर्वक अर्घ दिया। गाजे-बाजे, डीजे सहित विभिन्न गांवो की श्रद्धालु महिलाओं ने गीत गाते हुये जलाशयों पर पहुंचीं। जल में लंबे समय तक खड़ा होकर भगवान भाष्कर के अस्त होने की प्रतीक्षा की, तत्पश्चात सूर्य को अर्घ्य निवेदित कर मंगल कामना की।

बाबा घनश्याम साहब की तपस्या से उत्पन्न वैराग्याश्रम मठ गुरादरी का गंगा सरोवर हजारों श्रद्धालुओं की दिव्यमयी आस्था का केंद्र बना। आसपास के दर्जनों गांवों की स्त्रियों ने परिजनों सहित यहां आकर जल में खड़े होकर आस्था के महान लोकपर्व छठ पर सूर्योपासना की। मुहम्मदाबाद गोहना उपजिलाधिकारी अभिषेक गोस्वामी, क्षेत्राधिकारी एसपी पांडेय व कोतवाली प्रभारी केके वर्मा ने स्वयं पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीसीटीवी व ड्रोन कैमरों से शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही थी। भारी मात्रा में महिला-पुरुष पुलिसकर्मी चक्रमण करते नजर आ रहे थे।


ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ पर्व की धूम रही। मुहम्मदाबाद व गुरादरी के अलावा प्राचीन जलाशय देवरिया खुर्द, शमशाबाद कुटी, भदीड़ स्थित पवित्र जलाशय, सद्धोपुर के आगरी जलाशय, महमूदपुर के विहंगम घाट मालव, करहां, याकूबपुर, राजापुर, ओटनी, लग्गूपुर, तिलसवां, बरसवां, सौसरवां, राजर्षि नगर, दरौरा, नगपुर, नेवादा, दपेहड़ी, दतौली, भांटी, अरैला, चेरुईडीह, जमुई, टड़वा, भुसुवा, घुटमा आदि गांवों में भी खासा उत्साह देखा गया।


इस पर्व की बढ़ती लोकप्रियता से अब कोई घर अछूता नहीं रहा। यही कारण है कि शाम तक क्षेत्र के विभिन्न बाजारों में खरीददारों की भारी भींड रही। करहां, लग्गूपुर, नगपुर, कोठिया व घरोहिया बाजारों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।



Post a Comment

Previous Post Next Post