करहां निवासी किसान नेता नागेंद्र सिंह कर रहे सफेद तिल, सांवा व ढैंचा के बीज की खेती
करहां (मऊ) : परंपरागत खेती से हटकर कुछ नया करने की लोगों को हमेशा सीख देने वाले मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के करहां गांव निवासी किसान नेता नागेंद्र सिंह खुद आगे बढ़कर नई खेती की पहल की शुरुआत की है। उन्होंने वर्तमान समय में सफेद तिल, सांवा एवं ढैंचा के बीज की खेती शुरु कर लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इस समय उनके दरवाजे पर ढैंचा के बीज के लिए काट कर लाए गए पौधों से बीज निकाला जा रहा है। उनके अनुसार वह घर पर ही लगभग 150 किलो ढैंचा का बीज निकालेंगे।
बता दें कि ढैंचा का प्रयोग हरी खाद के लिए किया जाता है जिसकी बीज के लिए किसानों को ब्लाक सहित निजी दुकानों पर दर-दर भटकना पड़ता है। यदि ब्लाक से नहीं मिलता तो किसानों को महंगे दामों पर निजी दुकानों से ढैंचा का बीज प्राप्त करना पड़ता है। इसलिए हमने स्वयं अपने खेतों में ढांचा के बीच का उत्पादन शुरु किया है और इसे अन्य किसानों में वितरित करेंगे।
नागेंद्र सिंह ने बताया कि इसी प्रकार बहु उपयोगी सफेद तिल तथा मोटे अनाज के रुप में पूर्व से विख्यात सांवा की खेती भी शुरु की है। स्वास्थ्य की दृष्टि से भविष्य में वे अन्य मोटे अनाजों का भी उत्पादन शुरु करेंगे, ताकि लोगों को वर्तमान में हो रही विभिन्न बीमारियों से बचाया जा सके।
इस संबंध में पूछने जाने पर सहायक खंड विकास अधिकारी कृषि संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि इस समय शासन प्रशासन की तरफ से मोटे अनाजों अर्थात श्रीअन्न की खेती के लिए विशेष योजनाएं चलाई जा रही हैं। इस क्रम में नागेंद्र सिंह सहित अन्य किसानों को भी आगे आकर परंपरागत खेती से थोड़ा अलग प्रयास करते हुए श्रीअन्न का उत्पादन करना चाहिए। इस पर अनेक तरह की प्रोत्साहन छूट निर्धारित है।

Post a Comment