मऊ स्टेडियम को हराकर आर.एस. एकेडमी ने जीता खिरिया कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अंतर्गत खिरिया में शनिवार को बाल कबड्डी प्रतियोगिता का समापन हुआ। कुल 32 टीमों से पार पाते हुए अंततः फाइनल मुकाबला आर.एस. एकेडमी शमशाबाद व मऊ स्टेडियम के बीच खेला गया। जिसमें शमशाबाद की टीम ने मऊ की टीम को 26-16 के अंकों से परास्त कर विजेता ट्राफी पर कब्जा किया। बजरंग दल दरगाह की टीम को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
बता दें कि कबड्डी वाले गांव के नाम से मशहूर राहुल स्पोर्ट्स अकादमी शमशाबाद की टीम ने पूरा दमखम दिखाते हुए फाइनल मैच तक का शानदार सफर तय किया। फाइनल मैच में मऊ स्टेडियम से जिस कड़े संघर्ष की उम्मीद थी, वैसा मैच देखने को नहीं मिला। आर.एस. एकेडमी शमशाबाद की टीम ने मऊ स्टेडियम को आसानी से 26-16 अंकों के अंतराल से पठकनी दे दी। तीसरे स्थान के लिए महादेव क्लब मठिया और बजरंग दल दरगाह के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया। जिसमें अंततः दरगाह की टीम ने महादेव क्लब मठिया को 17-07 अंकों के अंतराल से परास्त कर तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया. आयोजकों ने विजेता, उपविजेता एवं तृतीय विजेता टीम को ट्राफी, नकद पुरस्कार तथा व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साह वर्धन किया।


Post a Comment