Top News

करहां में भागवत कथा का शुभारंभ, गोकर्ण प्रसंग से भावविभोर हुए श्रद्धालु

करहां में भागवत कथा का शुभारंभ, गोकर्ण प्रसंग से भावविभोर हुए श्रद्धालु

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत करहां गांव में गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। मुख्य यजमान रविंद्र सिंह व उनकी धर्मपत्नी मांडवी सिंह ने सपत्निक कलश स्थापना, पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी पूजन और भागवत परायण कर विधिवत रूप से कार्यक्रम का आरंभ किया।

सायंकालीन कथा में कथावाचक पंडित नीरज पांडेय ने श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य और गोकर्ण प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत का श्रवण मनुष्य के जीवन को पवित्र बनाता है और आत्मा को मोक्ष का मार्ग दिखाता है। गोकर्ण और धुंधकारी की कथा सुनाते हुए उन्होंने बताया कि गोकर्ण ने अपने भाई को भागवत श्रवण के माध्यम से मुक्ति दिलाई थी, जिससे यह कथा युगों-युगों तक कल्याण का साधन बन गई।

कथावाचक ने कहा कि श्रद्धा और विश्वास के साथ कथा सुनने से पापों का क्षय होता है, अनिष्टकारी शक्तियों का नाश होता है और पूर्वजों को शांति की प्राप्ति होती है। कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम में देवेश द्विवेदी, प्रमोद कुमार दास, शेषनाथ सिंह, गीता देवी, विजय कुमार, विनीता सिंह, रामधनी राम, प्रतिभा देवी, वासुदेव मौर्य, शिवेश सिंह, चंद्रप्रकाश पांडेय, सोनाली सिंह, सीमा सिंह, सुनील कुमार, गोलू प्रजापति सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post