Top News

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अंशू मौर्या, सूर्यांश सिंह व अमरेंद्र पांडेय रहे अव्वल

सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अंशू मौर्या, सूर्यांश सिंह व अमरेंद्र पांडेय रहे अव्वल

ज्ञान की रोशनी में नहाए नन्हे सितारे

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के सौसरवां कमालुद्दीनपुर स्थित रामलीला मैदान रविवार को ज्ञान, प्रतिभा और उल्लास का संगम बन गया, जब रामलीला समिति के तत्वावधान में चल रहे सरस्वती पूजनोत्सव के अंतर्गत भव्य सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। मां सरस्वती की कृपा और बच्चों की मेहनत ने ऐसा समां बांधा कि मैदान तालियों की गूंज से भर उठा। प्रतियोगिता में करीब 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी मेधा का परिचय दिया।

तीन वर्गों में संपन्न प्रतियोगिता में नन्हे प्रतिभागियों ने ज्ञान की उड़ान भरी। एलकेजी से कक्षा तीन तक के वर्ग में अमरेंद्र पांडेय ने प्रथम, अंशुमान ने द्वितीय तथा श्रेयांश ने तृतीय स्थान हासिल किया। कक्षा चार से आठ तक के वर्ग में अंशू मौर्या अव्वल रहे, जबकि दिव्यांशु मौर्य द्वितीय और सत्यम यादव तृतीय स्थान पर रहे। वहीं कक्षा नौ से बारह तक के वर्ग में सूर्यांश सिंह ने प्रथम, आदर्श चौहान ने द्वितीय तथा अनिकेत यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया।

विजेता छात्र-छात्राओं को रामलीला समिति के अध्यक्ष बृजबिहारी सिंह, बृजनाथ पांडेय सहित अन्य अतिथियों ने मेडल, प्रमाणपत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा निखरती है और उनके भीतर आत्मविश्वास के साथ स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना भी मजबूत होती है।

इस अवसर पर अधिवक्ता आशुतोष पांडेय, शिक्षक लालचंद राम, अध्यक्ष सौरभ पांडेय, महामंत्री मनीष यादव, कोषाध्यक्ष शिवम पांडेय, कृष्ण कन्हैया पांडेय, पप्पू कुमार, अशोक पांडेय, पंकज कुमार, विष्णु शंकर पांडेय, भाष्कर पांडेय समेत बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post