आस्था की ऊँचाइयों को छूते शिखर, श्रद्धा से सजते मंदिर
करहां, मऊ। मिट्टी की खुशबू में जब भक्ति घुल जाए और ईंट-पत्थर में आस्था बोल उठे तो मंदिर नहीं, विश्वास की इमारत बनती है। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के माहपुर गांव में स्थित शिव-दुर्गा मंदिर आज उसी विश्वास की कहानी कह रहा है। यहां 21 लाख रुपये की लागत से 70 फिट ऊंचा भव्य शिखर आकार ले रहा है। पुजारी सुनील राजभर बताते हैं कि निर्माण पूर्ण होने के बाद यह मंदिर न केवल गांव की पहचान बनेगा, बल्कि श्रद्धालुओं की आस्था का नया केंद्र भी होगा।
उधर महमूदपुर गांव में पारंपरिक शिव मंदिर का निर्माण कार्य भी एक बार फिर गति पकड़ चुका है। बुधवार को विधिवत चौखट पूजन के साथ दरवाजा लगाया गया। गांव निवासी अर्जुन राणा के अनुसार मंदिर की छत तक निर्माण पर लगभग 5 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है, जिसकी ऊंचाई 11 फिट रखी जा रही है। शिखर का निर्माण तीसरे चरण में किया जाएगा।
कहीं हथौड़े की थाप में भक्ति है, तो कहीं श्रम की बूंदों में विश्वास। इन दोनों मंदिरों के निर्माण से पूरे क्षेत्र में श्रद्धा का संचार है। ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है और वातावरण में हर हर महादेव की गूंज महसूस की जा सकती है।


Post a Comment