Top News

बिजली बिल वसूली को लेकर ग्रामीणों और कर्मचारियों में विवाद

बिजली बिल वसूली को लेकर ग्रामीणों और कर्मचारियों में विवाद

मामला कोतवाली पहुंचा दोनों पक्षों ने दी तहरीर

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड अंतर्गत ओटनी गांव में बिजली बकाया वसूली को लेकर विभागीय कर्मचारियों और ग्रामीणों में विवाद हो गया। मामला कोतवाली तक पहुंचा तो दोनों पक्षों ने एक दूसरे के विरुद्ध तहरीर दिया है। ग्रामीणों ने बिजली बकाया के नाम पर अवैध वसूली और धमकी का आरोप लगाया है तो वहीं संबंधित जेई ने विद्युत उपभोक्ताओं से बकाये की वसूली करने गए बिजली कर्मचारियों से दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है।

विभाग के अवर अभियंता धीरज पटेल ने सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने, कर्मचारियों से बदतमीजी और मारपीट की धमकी देने का आरोप लगाकर ग्रामीणों के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी है। ओटनी गांव निवासी मुकेश चौहान व गुड्डू चौहान की ओर से भेजी गई शिकायत के अनुसार नौ जनवरी को कुछ लोग खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर गांव पहुंचे और बकायेदार उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटने की धमकी देने लगे। आरोप है कि इसी दौरान अवैध रुप से धन वसूली की गई। शिकायत में कहा गया है कि एक उपभोक्ता से 30 हजार रुपये तथा अन्य ग्रामीणों से मिलाकर करीब 50 हजार रुपये तक की वसूली की गई। वसूली का विरोध करने पर फर्जी मुकदमे में फंसाने और गांव की बिजली लाइन काटने की धमकी दी गई, जिसके बाद गांव की बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई।

इस मामले में अवर अभियंता धीरज पटेल ने बताया कि ओटनी गांव में बकाया बिजली बिल वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के लिए विभागीय कर्मचारी गए थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए कर्मचारियों से अभद्रता की और मारपीट की धमकी दी। सूचना मिलने पर पुलिस को बुलाया गया लेकिन पुलिस के सामने भी बदतमीजी की गई। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं संबंधित लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। उनके अनुसार ग्रामीणों द्वारा लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह मनगढ़ंत और निराधार हैं।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मधुसूदन चौरसिया ने बताया कि दोनो तरफ से आरोप-प्रत्यारोप की तहरीर प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों की शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।


Post a Comment

Previous Post Next Post