मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक में हुआ पंचायत प्रतिनिधियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खंड सभागार में शुक्रवार को ग्राम पंचायतों को अधिक सशक्त एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर जीपीआरसी के माध्यम से संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों, पंचायत सहायकों एवं पंचायत सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान ग्राम पंचायत विकास योजना जीपीडीपी और जिला पंचायत विकास योजना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। स्टेट रिसोर्स पर्सन संजय मिश्रा ने पंचायतों के अधिकारों और दायित्वों की जानकारी देते हुए योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। उन्होंने विकास कार्यों की योजनाबद्ध रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे खंड विकास अधिकारी कलाधर पाण्डेय ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना पंचायतों की जिम्मेदारी है। उन्होंने फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, आयुष्मान कार्ड, पेंशन समेत अन्य योजनाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत आदित्य सिंह, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सत्य प्रकाश पाण्डेय, प्रधान संघ अध्यक्ष नौशाद अहमद संतोष सिंह मिंटू, ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ड्यूक, वीरेंद्र राजभर, बसंत सिंह, कंचन सिंह, धीरेंद्र खरवार, अशफाक अहमद, भीम कुमार टंडन आदि ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Post a Comment