करहां परिक्षेत्र के होनहारों ने विविध खेलों में बनाई पहचान
•पर्वतारोहण, रोइंग, कूडो, कबड्डी, बाक्सिंग, शूटिंग, बालीबाल, बास्केटबाल व कोचिंग में किया शानदार आगाज़
•अति पिछड़े क्षेत्र से बाहर निकलकर गांव-क्षेत्र एवं जिले का नाम किया रौशन
करहां (मऊ) : करहां परिक्षेत्र के युवाओं एवं बाल प्रतिभाओं ने पर्वतारोहण व विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर अपने गांव-क्षेत्र व जिले का नाम रौशन किया है। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के बरसवां-हिंडोला गांव निवासी पर्वतारोही अनंत प्रताप सिंह ने अनेक ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर सफल चढ़ाई कर तिरंगा फहराया है। वहीं खेल जगत में यश कुमार यादव ने रोइंग, सूर्य प्रताप सिंह ने शूटिंग, ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने वालीबाल, आराध्या मौर्या ने कूडो, उन्नति सिंह ने बास्केटबाल, अंशिका सिंह व भानु शर्मा ने कबड्डी, अभिषेक यादव ने किक बाक्सिंग में राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर पदक व चयन हासिल कर जनपद को गौरवान्वित किया। वहीं कालिका प्रसाद उर्फ़ लालू गोंड़ क़बड्डी कोच के रुप में नए खिलाड़ियों की पौध तराश रहे हैं। प्रस्तुत है अजीत एक्सप्रेस से तारकेश्वर सिंह अजीत की रिपोर्ट..
पर्वतारोही अनंत प्रताप सिंह
मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक अंतर्गत बरसवां-हिंडोला गांव निवासी 23 वर्षीय युवा पर्वतारोही अनंत प्रताप सिंह ने अबतक कांग यात्से द्वितीय, यूनम, ग्यामा दक्षिण-पूर्व, फ्रेंडशिप पीक, बंदरपूंछ, कुन, मुल्किला-4 व 5, व्हाइट सैफायर, मेंटोक कांगरी तथा हनुमान टिब्बा नामक पर्वत शिखरों पर चढ़ाई कर चुके हैं। वे अब माउंट एवरेस्ट पर सफल चढ़ाई कर गांव-क्षेत्र व जिले को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में लगे हैं। भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन, दिल्ली के तत्वावधान में चले अभियान के दौरान उन्होंने अत्यंत कठिन मौसम, बर्फीली दरारों और दुर्गम रास्तों का सामना करते हुए शिखरों तक पहुंचकर तिरंगा फहराया है।
रोइंग खिलाड़ी यश कुमार यादव
चकौधी-सुहवल निवासी 15 वर्षीय यश कुमार यादव ने राष्ट्रीय व अंतरराज्यीय रोइंग प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। भोपाल में आयोजित 45वीं जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में उन्होंने रजत पदक हासिल किया, जबकि इंटर स्टेट बथवाल कप रोइंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
शूटिंग खिलाड़ी सूर्य प्रताप सिंह
शमशाबाद गांव निवासी 14 वर्षीय सूर्य प्रताप सिंह ने शूटिंग के क्षेत्र में कम उम्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की। 10 मीटर एयर राइफल में नेशनल स्तर के लिए क्वालीफाई करने के साथ ही उन्होंने 50 मीटर प्रोन शूटिंग में राज्य स्तरीय स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
वालीबाल खिलाड़ी ऐश्वर्य प्रताप सिंह
शमशाबाद निवासी ऐश्वर्य प्रताप सिंह का चयन अंडर-19 राष्ट्रीय वालीबाल चैंपियनशिप के लिए हुआ है। उन्होंने तत्कालीन प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश टीम का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा वे ग्वालियर स्थित वालीबाल स्पोर्ट्स विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में भागीदारी कर गांव-क्षेत्र का नाम रौशन कर रहे हैं।
कूडो खिलाड़ी आराध्या मौर्या
करहां गांव की होनहार बिटिया आराध्या मौर्या ने राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर मऊ जनपद का मान बढ़ाया। उनकी इस सफलता को बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। वह आज भी आजमगढ़ में पठन-पाठन व प्रशिक्षण प्राप्त कर विभिन्न स्थानों पर कूडो प्रतियोगिताओ में प्रतिभाग कर रही हैं।
बास्केटबाल खिलाड़ी उन्नति सिंह
मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक प्रमुख रानू सिंह की बिटिया व देवसीपुर गांव निवासिनी उन्नति सिंह का चयन एसजीएफआई अंडर-19 राष्ट्रीय बास्केटबाल टीम में हुआ है। उनके चयन से खेल जगत में मऊ की पहचान और मजबूत हुई है। वे राजस्थान राज्य के कोटा में अध्ययन व प्रशिक्षण प्राप्त कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शिरकत करेंगी।
कबड्डी खिलाड़ी अंशिका सिंह
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के करमी गांव निवासिनी अंशिका सिंह का चयन अंडर-17 राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। उनके चयन से गांव व क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनसे गांव-क्षेत्र व जिले को राष्ट्रीय पदक की उम्मीद हैं। वे राष्ट्रीय इंटर कालेज चिरैयाकोट की छात्रा हैं।
किक बाक्सिंग खिलाड़ी अभिषेक यादव
मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के नूरपुर नगरीपार निवासी अभिषेक यादव ने राज्य स्तरीय किक बाक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है। वे सुरहुरपुर स्थित ए.पी.बी.पी. स्मृति बालिका इंटर कालेज में कंप्यूटर व शारीरिक शिक्षक के रुप में कार्य व प्रशिक्षण प्रदान करते हुए देश की विभिन्न किक बाक्सिंग प्रतियोगिताओ में प्रतिभाग करते हैं।
कबड्डी खिलाड़ी भानु शर्मा
शमशाबाद गांव निवासी भानु शर्मा होनहार स्कूली क़बड्डी खिलाड़ी हैं। उन्होंने प्रदेश की राजधानी में आयोजित 33वीं राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी में दूसरा स्थान प्राप्त किया था। जिनका घर लौटने पर क्षेत्र की टीम व कप्तान सहित क्षेत्रीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। आज भी निरंतर अभ्यास व खेल प्रतियोगिताओं में शिरकत करते हैं।
क़बड्डी प्रशिक्षक कालिका प्रसाद उर्फ़ लालू गोंड़
कबड्डी वाले गांव के नाम से मशहूर शमशाबाद गांव निवासी व राज्यस्तरीय कबड्डी खिलाड़ी कालिका प्रसाद उर्फ़ लालू गोंड़ अब नए खिलाड़ियों की पौध तैयार कर रहे हैं। पिछले महीनों कबड्डी एसोसिएशन की जानी-मानी हस्ती व प्रो-कबड्डी के मैच रेफरी रहे अवनीश राय आदि ने शमशाबाद चट्टी पर उनकी राहुल स्पोर्ट्स कबड्डी एकेडमी का भव्य उद्घाटन किया। यहां निरंतर अभ्यास व प्रशिक्षण प्रदान कर कालिका प्रसाद नए कबड्डी खिलाड़ी बनाने में लगे हुए हैं।
कबड्डी खिलाड़ी सत्यनारायण सरोज
कबड्डी वाले गांव के नाम से मशहूर शमशाबाद निवासी सत्यनारायण सरोज ने खेल जगत में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित कबड्डी टीम चयन ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन विश्वविद्यालय की पुरुष कबड्डी टीम में किया गया है। देशभर से आए 85 पुरुष खिलाड़ियों के बीच कड़े चयन प्रक्रिया में चुने जाने के साथ ही सत्यनारायण सरोज को पुरुष टीम का नेतृत्व सौंपा गया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर उपजी और खेल प्रेमियों ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया
ओटनी निवासी वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी विनय लाल यादव
करहां परिक्षेत्र के ओटनी गांव निवासी वेटलिफ्टिंग खिलाड़ी विनय लाल यादव ने गाजियाबाद के मोदीनगर में 8 से 14 जनवरी तक आयोजित खेलो इंडिया नेशनल रैंकिंग के अंतर्गत उत्तर प्रदेश स्टेट वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में 79 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। राज्यभर से आए अनुभवी खिलाड़ियों के बीच विनय ने तकनीकी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे गांव व क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस सफलता के बाद विनय अब 26 जनवरी से पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।














Post a Comment