श्रीराम नाम के सहारे हनुमानजी ने लंका में बजाया डंका : संपूर्णानंद महाराज
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे से लगे बरहदपुर स्थित किशुनदास बाबा की कुटी पर आयोजित श्रीराम कथा के सातवें दिन बाल व्यास संपूर्णानंद महाराज ने लंका दहन प्रसंग का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीहनुमानजी ने श्रीराम नाम का सहारा लेकर लंका में डंका बजाया और माता सीता का आशीर्वाद प्राप्त कर रावण की मोह रुपी अशोक वाटिका को उजाड़ दिया तथा अहंकार रुपी लंका को जलाकर राख कर दिया।
उन्होंने इस प्रसंग की सारगर्भित व्याख्या करते हुए श्रद्धालुओं को बताया कि अहंकार कितना भी बड़ा क्यों न हो वह नष्ट जरुर होता है। जब विनाश निश्चित होता है तब अहंकार के कारण हमारी बुद्धि विपरीत दिशा में काम करने लगती है। कथावाचक ने श्रीरामचरितमानस के सुंदरकांड का पाठ और श्रवण करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि सुंदरकांड का वाचन हमें अहंकार से दूर कर सुंदर विचारों की तरफ बढ़ाता है।
कथा के शुभारंभ में आजमगढ़ से पधारे सुरेशानंद महाराज ने अपने मंगलमय प्रवचन से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कथा स्थल जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष से गूंजता रहा।

Post a Comment