युवा शक्ति ने लगाई दौड़, विजेता बन चहके प्रतिभागी
•बालिकाओं में आराधना, अंशिका सिंह व प्रिया पाल ने मारी बाजी
•बालकों में शिवम मौर्य, अनीश चौहान, विनीत राजभर व सचिन यादव बने विजेता
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के बरहदपुर गांव स्थित बजरंग मैदान पर मकर संक्रांति के दिन गुरुवार को युवा शक्ति दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शामिल बालक-बालिकाओं ने 100, 200, 400 और 1000 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में दौड़ लगाई। प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले बालक-बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। अपनी दौड़ प्रतिभा के बल पर पुरस्कृत हुए बच्चों के चहकते चेहरों पर खुशी झलक रही थी।
आयोजक श्याम चौबे ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गांव के शिवालय के पूरब वाली बड़ी बाग स्थित बजरंग मैदान पर युवा शक्ति दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन युवा पीढ़ी में खेल व शारीरिक शिक्षा के प्रति जागरुकता उत्पन्न करने के लिए किया जाता है। इसका शुभारंभ युवा अधिवक्ता संजीव द्विवेदी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य करहां आशीष चौधरी व मुहम्मदाबाद गोहना के भाजपा मंडल महामंत्री राहुल सिंह ने किया।
इसके अंतर्गत हुई दौड़ प्रतियोगिता में आराधना सिंह व शिवम मौर्य ने बहुप्रतीक्षित 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बाजी मारी। अंशिका सिंह व अनीश चौहान ने 200 मीटर में परचम लहराया। जहां 400 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता की प्रिया पाल व विनीत राजभर विजेता बने। वहीं मात्र बालक वर्ग के लिए आयोजित 1000 मीटर की दौड़ प्रतियोगिता में सचिन यादव ने अपना झंडा बुलंद किया।
मुख्य अतिथि संजीव द्विवेदी, विशिष्ट अतिथिगण आशीष चौधरी, राहुल सिंह, शशांक त्रिपाठी व ग्राम प्रधान रानू चौहान व पूर्व ग्राम प्रधान कल्पनाथ सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल व ट्राफी प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। संचालन आयोजक श्याम चौबे व धन्यवाद ज्ञापन सह आयोजक अजीत सिंह ने किया। इस अवसर पर आशुतोष गुप्ता, ओमकार सिंह, अरुण सिंह, सुनील चौबे, आदर्श चौबे, इंद्रेश सिंह, अनूप सिंह, गौतम सिंह आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।




Post a Comment