कोर्ट के आदेश पर युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के खालिसा गांव निवासी अनीता राजभर की तहरीर पर कोर्ट के आदेश के बाद एक युवक के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि उनके पति जितेंद्र की बाइक से धक्का मारकर जान ले ली गई।
वादी के अनुसार पैसे के लेन-देन को लेकर पहले से गांव निवासी चंद्रभान से विवाद चल रहा था। बाद में आरोपी ने उनके पति को बहला-फुसलाकर अपने साथ मिला लिया। बीते 28 अगस्त को आरोपी उनके पति को घर से बाहर लेकर गया था। उसी शाम करीब 7:30 बजे बाइक से धक्का मार दिया, जिससे जितेंद्र बिजली के पोल से टकरा गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पीड़िता की शिकायत पर अदालत ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। इस संबंध में कोर्ट के आदेश और महिला की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment