शिक्षा की लौ से संवर रहा भविष्य, शिक्षक-अभिभावक मिलकर गढ़ें नई पीढ़ी : वेद प्रकाश राय
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक का प्राथमिक विद्यालय देवलास शुक्रवार को शिक्षा-संवाद का साक्षी बना, जब बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव वेद प्रकाश राय ने विद्यालय पहुंचकर शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया और शैक्षिक उन्नयन संगोष्ठी व अभिभावक बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में कायाकल्प योजना के तहत शिक्षा की गुणवत्ता निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रही है।
संयुक्त सचिव ने अभिभावकों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिनियम 2004 का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश के भविष्य शिल्पियों को संस्कारित व सशक्त बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षक और अभिभावक मिलकर यदि संकल्प लें, तो हर बच्चा उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हो सकता है। खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश तिवारी ने स्वागत उद्बोधन में विकासखंड को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनाने के लिए सतत प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को संयुक्त सचिव द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता देवर्षि इंटर कॉलेज देवलास के प्रधानाचार्य रमाकांत सिंह ने की, जबकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामभवन भारती ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर डायट प्रवक्ता डॉ. संदीप राय, फतेहपुर मंडाव के खंड शिक्षा अधिकारी श्याम सुंदर पटेल, एसआरजी संजय कुमार तिवारी व अरविंद पांडेय, उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय, ब्लाक अध्यक्ष शशिभूषण राय सहित अनिल कुमार सिंह, सीमा सिंह, राजेश कुमार, मंजू चौरसिया, ऊषा मौर्या, उत्तर प्रदेश वालीबाल संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद राय, आकाश तिवारी, अनिल कुमार, उर्मिला तिवारी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक उपस्थित रहे।





Post a Comment