हिंदू सम्मेलन में एकता व संस्कार पर दिया गया जोर
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा स्थित तमसा नदी के तट पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वाधान में आयोजित हिंदू सम्मेलन में वक्ताओं ने हिंदू समाज की एकता, संगठन और संस्कारों को उसकी वास्तविक शक्ति बताया। कहा कि जब समाज संगठित होकर अपने सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा करता है, तभी राष्ट्र सशक्त और सुरक्षित बनता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीराम व भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन पूर्व मंत्री श्रीराम सोनकर, भाजपा नेता छोटू प्रसाद, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, रामशरन चौहान, डाक्टर शिवप्रकाश सिंह सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रुप से किया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि धर्म और संस्कार के मार्ग पर चलने से समाज में सद्भाव, संयम और राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म केवल आस्था नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला संस्कार है, जिसे आत्मसात करने से व्यक्ति स्वयं धर्म और राष्ट्रहित के पथ पर अग्रसर होता है।
सम्मेलन में मुकेश कुमार, अस्मित, अंकित गुप्ता, प्रिंस गुप्ता, शशांक त्रिपाठी, लक्ष्मी गुप्ता, प्रभात राय, राजकुमार गुप्ता, अंजली गुप्ता, अवधेश चौहान, रिंकू सिंह, मिथिलेश सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment