Top News

गोंड समाज के धरने को मिला सपा का समर्थन

गोंड समाज के धरने को मिला सपा का समर्थन

प्रमाण पत्र न मिलने पर जताया विरोध

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील परिसर में अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर धरने पर बैठे गोंड समाज के लोगों को शनिवार को समाजवादी पार्टी का समर्थन मिला। सपा का प्रतिनिधिमंडल तहसील पहुंचा और आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रतिनिधिमंडल ने प्रमाण पत्र जारी न किए जाने को अन्यायपूर्ण बताते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर शीघ्र समाधान की मांग की।

समाजवादी पार्टी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रवि गोंड बड़कू ने कहा कि उत्तर प्रदेश के 17 जनपदों में गोंड समाज को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र दिया जा रहा है, लेकिन पूर्वांचल के जनपदों में इसे रोका जाना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज देश की बड़ी आबादी का हिस्सा है और उसका गौरवशाली इतिहास रहा है। आरक्षण संविधान प्रदत्त अधिकार है, जिसे प्रशासनिक उदासीनता के कारण छीना नहीं जा सकता।

प्रतिनिधिमंडल में शामिलप्रदेश उपाध्यक्ष भगवान बुद्ध गोंड़, जिला अध्यक्ष दूधनाथ यादव, क्षेत्रीय विधायक राजेंद्र कुमार, विधानसभा अध्यक्ष अम्मान अहमद, राम प्रताप यादव, हरेंद्र गोंड, राजेश गोंड, प्रमोद कुमार, रवि पासी, सोचन भारती सहित अन्य नेताओं ने धरने को जायज ठहराते हुए कहा कि अपने अधिकारों के लिए संघर्ष आदिवासी समाज की परंपरा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रमाण पत्र की मांग को लेकर धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के साथ समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती से खड़ी है।

सपा नेताओं ने तहसील प्रशासन पर धरनास्थल से टेंट व सामान हटाने तथा शौचालय में ताला लगाने का आरोप लगाते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post