उन्नति सिंह ने पिता की पांचवीं पुण्यतिथि के दिन जीता बास्केटबाल का नेशनल खिताब
•राजस्थान की टीम संग बाड़मेर में अंडर-17 गर्ल्स बास्केटबाल नेशनल चैंपियन में महाराष्ट्र को हराया
•उन्नति मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक प्रमुख रानू सिंह व पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख स्व. अजीत सिंह की हैं बिटिया
करहां (मऊ) : मऊ जनपद के करहां परिक्षेत्र के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब देवसीपुर गांव निवासिनी उन्नति सिंह ने अपने पिता पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख स्व. अजीत सिंह की पांचवी पुण्यतिथि के दिन मंगलवार को अपनी राजस्थान टीम के साथ अंडर-17 गर्ल्स बास्केटबाल का नेशनल चैंपियनशिप जीत लिया। इससे उन्होंने अपने गांव-क्षेत्र जिले और प्रदेश के नाम रोशन किया है। सूचना मिलने पर अनेक लोंगो ने बधाई दी है।
बता दें कि यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 6 जनवरी को बाड़मेर राजस्थान में आयोजित हुई। जिसके फाइनल मुकाबले में बतौर उपकप्तान खेल रही उन्नति सिंह की राजस्थान टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए महाराष्ट्र को एकतरफा मुकाबले में 45–09 के स्कोर से पराजित किया। राजस्थान ने यह मैच 36 अंकों के बड़े अंतर से जीतकर खिताब अपने नाम किया। मुकाबले में राजस्थान टीम का दबदबा शुरु से अंत तक बना रहा। उन्नति सिंह इस विजेता टीम की वाइस कैप्टन रहीं, जबकि टीम की कप्तान कृतिका खटिक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मैन आफ द मैच का पुरस्कार अपने नाम किया। टीम को इस ऐतिहासिक जीत तक पहुंचाने में राष्ट्रीय कोच डाक्टर दीपीका अरोड़ा का मार्गदर्शन सराहनीय रहा।
गौरतलब हो कि उन्नति सिंह मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक प्रमुख रानू सिंह एवं पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख स्वर्गीय अजीत सिंह की सुपुत्री हैं। खास बात यह रही कि उन्नति ने यह गौरवपूर्ण जीत अपने पिता की पांचवी पुण्यतिथि 06 जनवरी के दिन हासिल कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्नति सिंह की इस उपलब्धि से देवसीपुर गांव सहित पूरे करहां व मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र सहित मऊ जनपद में खुशी की लहर है। खेल प्रेमियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्नति व पूरी राजस्थान टीम को इस शानदार जीत के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



Post a Comment