संपूर्ण समाधान दिवस में 112 फरियादें, 7 का मौके पर निपटारा
करहां (मऊ) : जनपद की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में तहसील मोहम्दाबाद गोहाना में जनसुनवाई हुई, जहां फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम के दौरान कुल 112 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सर्वाधिक 60 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे, जबकि 20 शिकायतें पुलिस विभाग की थीं। शेष प्रकरण अन्य विभागों से जुड़े रहे। सुनवाई के दौरान 7 शिकायतों का तत्काल समाधान कर दिया गया। वहीं 4 जटिल मामलों के निस्तारण के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर उन्हें मौके पर भेजा गया।
राजस्व से जुड़ी अधिक शिकायतों को देखते हुए जिलाधिकारी ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध हो, ताकि फरियादियों को एक ही समस्या के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन स्तर पर जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, इसलिए सभी अधिकारी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करें। उधर तहसील सदर में आयोजित समाधान दिवस में 37 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। इस अवसर पर इलमारन, उपजिलाधिकारी मोहम्दाबाद गोहाना सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment