डीएम ने मुहम्दाबाद गोहना ब्लॉक का किया रीक्षण, अभिलेख व्यवस्था पर संतोष
करहां (मऊ) : जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने शुक्रवार को विकासखंड मोहम्दाबाद गोहना का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों पर रखी फाइलों, अभिलेखों और योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने स्थापना रजिस्टर, सर्विस बुक, शिकायत पंजिका, मनरेगा पटल से जुड़े रजिस्टर, प्रधानमंत्री आवास योजना की पत्रावलियां तथा अन्य व्यक्तिगत अभिलेखों की जांच की। अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव और कार्यालय में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। इस पर उन्होंने संबंधित पटल सहायकों एवं खंड विकास अधिकारी को व्यवस्थाएं इसी प्रकार बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के बेहतर संधारण के लिए मूल रजिस्टर अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया। सभी एडीओ से विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा। ग्रांट रजिस्टर के अवलोकन में दो बंद हो चुकी योजनाओं की अप्रयुक्त धनराशि शेष पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित मद में राशि वापस जमा कराकर इसकी सूचना देने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों, विशेषकर मनरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों का स्थलीय सत्यापन और क्रॉस चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा, ताकि गुणवत्ता और पारदर्शिता बनी रहे। साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा विकासखंड स्तर पर आने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीसी मनरेगा, खंड विकास अधिकारी मोहम्दाबाद गोहना समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



Post a Comment