जैनब मेमोरियल हॉस्पिटल में सेहत का उत्सव, 125 जरूरतमंदों को मिला निःशुल्क इलाज
करहां (मऊ) : जब इलाज इबादत बन जाए और सेवा संकल्प, तब अस्पताल सिर्फ इमारत नहीं रहता.. वह उम्मीदों का घर बन जाता है। ऐसा ही दृश्य रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के मोहल्ला नाजो पट्टी स्थित जैनब मेमोरियल हॉस्पिटल में देखने को मिला, जहां फ्री स्वास्थ्य शिविर में मरीजों का सैलाब उमड़ पड़ा। डॉ. अहमर मुमताज के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में कुल 125 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही उन्हें आवश्यक दवाइयां और चिकित्सकीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया। शिविर में बुखार, ब्लड प्रेशर, शुगर, सांस संबंधी रोग, हड्डी व जोड़ों के दर्द समेत अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई।
खैराबाद, अतरारी, बनियापार, बरहदपुर, चलीसवां, सूत्रही, उम्मनपुर, वलीदपुर तथा मुहम्मदाबाद गोहना नगर के विभिन्न मोहल्लों से आए मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया। चिकित्सकीय टीम ने लोगों को नियमित जांच, संतुलित खान-पान और समय पर उपचार की अहमियत समझाई। अस्पताल के प्रबंधक हाजी मुमताज अहमद ने कहा कि यह शिविर गरीब और जरूरतमंद तबके की सेवा के उद्देश्य से नियमित रूप से लगाया जाता है, ताकि हर व्यक्ति तक बेहतर इलाज पहुंच सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम जारी रहेंगे।
शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की भागीदारी विशेष रूप से रही। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल दिखा और लोगों ने अस्पताल प्रबंधन की इस मानवीय पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर डॉक्टर नेहा शम्सी, संतोष, प्रेमचंद, अशफाक सहित कई सहयोगी मौजूद रहे। और अंत में यही कहा गया- “जहां दवा में दुआ मिल जाए, जहां हाथ थाम ले उम्मीद; वहीं से शुरू होती है, सेहत की नई सुबह।”




Post a Comment