डीएम से वार्ता व आश्वासन के बाद गोंड समाज का धरना समाप्त, 15 दिन का लिया समय
करहां (मऊ) : अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर 28 जनवरी से मुहम्मदाबाद गोहना तहसील गेट पर धरना दे रहे गोंड समाज के लोगों ने मंगलवार देर शाम जिलाधिकारी से सफल वार्ता के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया। प्रशासन ने 15 दिनों के भीतर सभी आवेदनों की जांच कर प्रमाण पत्र जारी करने का भरोसा दिलाया है।
धरना का नेतृत्व कर रहीं अनुष्का गोंड और मुस्कान ने बताया कि जिलाधिकारी के बुलावे पर पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की दो चरणों में बातचीत हुई। बैठक में सभी तहसीलों के तहसीलदारों के साथ अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी भी मौजूद रहे।
मुहम्मदाबाद गोहना तहसीलदार के एक सप्ताह की छुट्टी पर होने के चलते प्रशासन ने जांच प्रक्रिया के लिए 15 दिन का समय तय किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र से जुड़े सभी आवेदन पत्रों की विधिवत जांच कर निर्धारित समय सीमा में प्रमाण पत्र निर्गत किए जाएंगे। प्रशासनिक आश्वासन के बाद गोंड समाज ने लगभग एक सप्ताह से चल रहे धरना को मंगलवार रात करीब आठ बजे समाप्त कर दिया।

Post a Comment