बारा की बेटी अंकिता की कलम ने रच दी सफलता की इबारत
यूजीसी-नेट में हासिल किया गौरवशाली मुकाम
मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ। जब हौसलों को मेहनत की स्याही मिलती है, तो सफलता की इबारत खुद लिखी जाती है। विकास खंड के बारा गांव की होनहार बेटी अंकिता सिंह ने यूजीसी-नेट दिसंबर 2025 परीक्षा में इतिहास विषय से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। अंकिता ने 300 में से 198 अंक अर्जित करते हुए 98.17 पर्सेंटाइल प्राप्त किया है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा घोषित परिणाम में अंकिता सिंह को असिस्टेंट प्रोफेसर एवं पीएचडी में प्रवेश के लिए योग्य ठहराया गया है। सामान्य वर्ग से आने वाली अंकिता की यह उपलब्धि उनके सतत परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास का सशक्त प्रमाण मानी जा रही है।
बताया जाता है कि इतिहास विषय में 82,844 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें 60,777 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। ऐसे कड़े मुकाबले में श्रेष्ठ स्थान पाना आसान नहीं था, लेकिन अंकिता ने यह कर दिखाया। वह बारा गांव के पूर्व ग्राम प्रधान सुनील सिंह व शिक्षामित्र माता उषा सिंह की सुपुत्री हैं।
इस सफलता की खबर मिलते ही गांव और क्षेत्र में हर्ष का माहौल बन गया। क्षेत्रीय नागरिकों धर्मेंद्र सिंह, गणेश कुमार गोंड, अरविंद सिंह, अशोक कुमार निषाद, आशीष प्रताप सिंह सोनू, अतुल कुमार सिंह, हैप्पी सिंह, नंद कुमार नंदू सहित अनेक लोगों ने अंकिता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा की मशाल बनेगी।

Post a Comment