ई-रिक्शा की टक्कर से टूटा रेलवे फाटक, बड़ा हादसा टला
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन के पूर्वी फाटक पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। ट्रेन के आगमन के चलते बंद किए जा रहे रेलवे गेट को तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे फाटक बीच से टूटकर लटक गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 2:15 बजे ट्रेन आने की सूचना पर गेट बंद किया जा रहा था। इसी दौरान जल्दबाजी में क्रॉस करने की कोशिश कर रहे ई-रिक्शा चालक ने फाटक में टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि उस समय रेल ट्रैक पर कोई वाहन मौजूद नहीं था।
दक्षिण दिशा का दूसरा गेट पहले से बंद होने के कारण अन्य वाहन पटरी पर नहीं पहुंच सके, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई। घटना की जानकारी मिलते ही गेटमैन ने विभागीय अधिकारियों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त गेट की मरम्मत शुरू कर दी।



Post a Comment